पटना में किसानों से खाद के नाम पर हो रही थी मनमानी, दो दुकानों पर गिरी गाज, लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू

सांकेतिक तस्वीर
मसौढ़ी के किसानों को खाद की खरीद में राहत मिली है, जहां दो खाद दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए जा रहे हैं. अधिक दाम वसूलने और अनियमितताओं पर कृषि विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है. किसानों से शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है.
मसौढ़ी. धान रोपनी के मौसम में किसानों से खाद की अधिक कीमत वसूलने और भंडारण में अनियमितता की शिकायतों पर कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. जांच के दौरान मसौढ़ी प्रखंड के नदौल स्थित दो खाद दुकानों में नियमों का उल्लंघन मिलने पर उनके लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
अधिक कीमत वसूलने की शिकायत सही पाई गई
प्रखंड कृषि पदाधिकारी हर्ष पटेल ने बताया कि जांच के दौरान नदौल स्थित गंगा खाद भंडार और जय माता दी खाद भंडार में खाद का भंडारण निर्धारित नियमों के विपरीत पाया गया. साथ ही किसानों से निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत वसूले जाने की पुष्टि भी हुई. इसके बाद दोनों दुकानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचने पर मांगा जवाब
वहीं, रेवां स्थित अदिति कृषि उद्यमी सेवा केंद्र में बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचने की शिकायत मिलने पर संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है. कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
किसानों से शिकायत दर्ज कराने की अपील
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि यदि कोई दुकानदार खाद, बीज या कीटनाशक निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचता है या किसी प्रकार की अनियमितता करता है, तो इसकी सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें. विभाग ने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










