बिहार में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बांका से 5 जनवरी को होगी शुरू, मल्लिकार्जुन खड़गे भी रहेंगे मौजूद
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Dec 2022 12:33 AM
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि हमारे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को बिहार के आम जन तक पहुंचाने के लिए हाथ-से-हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत होगी.
बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्तचरण दास ने रविवार को कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बैठक में कहा है कि बांका से पांच जनवरी, 2023 को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू होगी. इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहेंगे. भारत जोड़ो यात्रा की सफलता को हाथ- से- हाथ जोड़ो अभियान के दौरान बिहार के घर-घर तक पहुंचाया जायेगा. वहीं बैठक में भक्तचरण दास ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे पहली बार बिहार आ रहे हैं. उनके सामने सभी मजबूती से अपनी उपस्थिति दिखाने की तैयारी करें.
हाथ-से-हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत होगी
बैठक की अध्यक्षता करते हुए बिहार कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि हमारे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को आम जन तक पहुंचाने के लिए हाथ- से- हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत प्रदेश में होगी. इसके लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उपस्थिति में बांका जिले से पांच जनवरी को यह अभियान शुरू किया जाएगा.
दो महीने तक चलेगी यात्रा
कांग्रेस की इस बैठक में विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्र ने बताया कि यह यात्रा दो महीने तक चलेगी. इसमें डोर- टू- डोर कैम्पेन और प्रत्येक घर पर भारत जोड़ो यात्रा के स्टिकर और कांग्रेस के संदेश प्रसारित किये जायेंगे. बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व विधान परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा ने कहा कि यह अभियान देश में नजीर के तौर पर साबित हो इसका ख्याल हम एक -एक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रखना होगा.
बैठक में कई नेता रहे मौजूद
मंच संचालन अंबुज किशोर झा ने किया. धन्यवाद ज्ञापन बक्सर विधायक मुन्ना तिवारी ने किया. इस दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, मंत्री अफाक आलम, मुरारी गौतम, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, विधायक विजय शंकर दूबे व राजेश राठौड़ सहित विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री व कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










