बांकीपुर से BJP उम्मीदवार अभिषेक बंटी कितने अमीर? दसवीं पास हैं, हलफनामे से जानिए संपत्ति, कर्ज और गहनों का पूरा हिसाब

Updated:
विज्ञापन
प्रभात खबर से बातचीत करते अभिषेक बंटी

प्रभात खबर से बातचीत करते अभिषेक बंटी

Abhishek Bunty Property Assets: बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक बंटी की संपत्ति का ब्योरा सामने आया है. नामांकन हलफनामे के मुताबिक अभिषेक 19.60 लाख रुपये की संपत्ति के मालिक हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 9.92 लाख रुपये की संपत्ति है. जानिए उनके पास क्या-क्या है.

विज्ञापन

Abhishek Bunty Property Assets: बिहार की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन के दौरान दिए गए हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति, कर्ज और अन्य जानकारियों का खुलासा किया है.

हलफनामे के मुताबिक अभिषेक बंटी के पास कुल 19 लाख 60 हजार 216 रुपये की संपत्ति है. वहीं, उनकी पत्नी अमृता कृष्ण के नाम 9 लाख 92 हजार 476 रुपये की संपत्ति दर्ज है. अभिषेक पर 10 लाख रुपये का कर्ज भी है.

अभिषेक के पास 70 हजार रुपये नकद

नामांकन में दी गई जानकारी के अनुसार अभिषेक बंटी के पास 70 हजार रुपये नकद हैं. उनके पास एक कार और एक मोटरसाइकिल भी है. अभिषेक ने बताया है कि उनके पास साल 2018 में खरीदी गई होंडा कार है. इसके अलावा उन्होंने पिछले साल एक मोटरसाइकिल खरीदी थी.

सोने की चेन और अंगूठी भी संपत्ति में शामिल

अभिषेक बंटी के पास सोने के आभूषण भी हैं. उनके पास 5 ग्राम सोने की चेन है, जिसकी कीमत करीब 66 हजार रुपये बताई गई है. इसके अलावा 6 ग्राम सोने की अंगूठी है, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है.

वहीं, उनकी पत्नी अमृता कृष्ण के पास 32 ग्राम सोने के गहने हैं, जिनकी कीमत करीब 4 लाख 24 हजार रुपये है. इसके अलावा उनके पास 400 ग्राम चांदी के आभूषण भी हैं, जिनकी कीमत लगभग 98 हजार रुपये बताई गई है.

दसवीं पास हैं अभिषेक बंटी

नामांकन पत्र में अभिषेक बंटी ने अपनी शैक्षणिक योग्यता भी बताई है. वह बिहार बोर्ड से दसवीं पास हैं. उन्होंने साल 2000 में दरभंगा के चौधरी संस्कृत सेकेंड्री स्कूल थाथोपुर से दसवीं की परीक्षा पास की थी. इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई नहीं की.

26 साल से BJP से जुड़े हैं अभिषेक

अभिषेक बंटी लंबे समय से बीजेपी संगठन से जुड़े हुए हैं. वह साल 1999 में बीजेपी में शामिल हुए थे. साल 2013 में उन्हें पहली बार मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली. इसके बाद 2020 में उन्हें बीजेपी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष बनाया गया.

साल 2023 में उन्हें बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के गौतम बुद्ध मंडल का प्रभारी बनाया गया. साथ ही युवा मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली.

नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं अभिषेक

बांकीपुर सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती है. यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है.

बीजेपी ने इस बार नितिन नवीन के करीबी अभिषेक बंटी पर भरोसा जताया है. पार्टी उन्हें लंबे समय से जुड़े कार्यकर्ता और संगठन के चेहरे के तौर पर पेश कर रही है.

PK की एंट्री से मुकाबला हुआ दिलचस्प

बांकीपुर उपचुनाव में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है. बीजेपी के अभिषेक बंटी के सामने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनावी मैदान में हैं.

बीजेपी जहां अपनी परंपरागत सीट बचाने की कोशिश कर रही है, वहीं प्रशांत किशोर पहली बार चुनाव लड़कर इस सीट पर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं. ऐसे में बांकीपुर का चुनाव बिहार की राजनीति में खास नजरों से देखा जा रहा है.

Also Read: ‘चुनाव के समय कई बहुरूपिए आ जाते हैं, बिहार से उनका लेना-देना नहीं’, बांकीपुर में CM सम्राट का PK पर निशाना



विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन