Bihar News: दिल्ली में बिहार के दो युवाओं ने बढ़ाया प्रदेश का मान, PM मोदी ने बताया-देश की सबसे बड़ी शक्ति
Published by : Radheshyam Kushwaha Updated At : 14 Jan 2025 7:44 AM
विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग कार्यक्रम में बिहार के युवा
दिल्ली में आयोजित 'विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग' कार्यक्रम में बिहार के दो होनहार युवा उद्यमी हिस्सा लेकर प्रदेश का मान बढ़ाया है.
Bihar News: राष्ट्रीय युवा दिवस पर भारत सरकार द्वारा राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम युवा मामलों और खेल मंत्रालय के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें पूरे देश से 30 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया. इनमें से तीन हजार प्रतिभाशाली युवाओं को चयनित कर इस विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया. बिहार के लिए यह गर्व का क्षण था, जब प्रदेश के दो होनहार युवा उद्यमी, डॉ. नीरज झा (सीईओ, हनुमान केयर) और दिलखुश कुमार (सीईओ, रोडबेज़), को स्पेशल अटेंडी के रूप में आमंत्रित किया गया. यह कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करने और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन 2047 के विकसित भारत के दृष्टिकोण से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था.
देखें वीडियो
पीएम ने युवाओं को बताया-देश की सबसे बड़ी शक्ति
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने विचार साझा करते हुए युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा, कि ‘युवा केवल समस्याओं का हिस्सा नहीं, बल्कि समाधान का केंद्र बिंदु हैं.’ उन्होंने मिशन 2047 के तहत भारत को $30 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को दोहराया और देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया.
‘युवा उद्यमियों को प्रेरित और सशक्त करेंगे’
डॉ. नीरज झा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, कि “यह हमारे लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है कि हमें बिहार का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला. प्रधानमंत्री के विचार और उनका विजन युवाओं को नई ऊर्जा प्रदान करता है. हम यह संकल्प लेते हैं कि अपनी उद्यमशीलता और अनुभव का उपयोग कर अधिक से अधिक युवा उद्यमियों को प्रेरित और सशक्त करेंगे.”
दिलखुश कुमार ने कहा-
दिलखुश कुमार ने कहा, “इस कार्यक्रम ने हमें यह समझने का अवसर दिया कि एक विकसित भारत का सपना तभी पूरा हो सकता है, जब देश का हर युवा अपनी जिम्मेदारी समझे और अपनी क्षमता का भरपूर उपयोग करें. यह मंच युवाओं को अपनी भूमिका पहचानने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करता है.”
इस कार्यक्रम का उद्देश्य-
विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग का आयोजन भारत सरकार की दूरदर्शी पहल का हिस्सा है, जो देश के विकास को तेज गति प्रदान करने के लिए युवाओं को सशक्त करने पर केंद्रित है. इस आयोजन ने देशभर के युवा प्रतिभागियों को न केवल प्रेरित किया, बल्कि उन्हें यह अहसास दिलाया कि वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का अभिन्न अंग हैं. कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित किया कि भारत का भविष्य उसके युवा हैं, और उनके सामूहिक प्रयासों से 2047 का विकसित भारत का सपना अवश्य पूरा होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Radheshyam Kushwaha
राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










