बिहार में बनेगा 118 KM लंबा गंगा पथ नेटवर्क, तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं पर 16 हजार करोड़ खर्च करेगी सरकार

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 23 May 2026 1:41 PM

विज्ञापन

AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

Bihar News: बिहार में गंगा किनारे सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सरकार ने तीन बड़ी गंगा पथ परियोजनाओं को मंजूरी दी है. 2030 तक 118.45 किलोमीटर लंबा आधुनिक फोरलेन रोड नेटवर्क तैयार होगा, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी, व्यापार और पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी.

विज्ञापन

Bihar News: (कृष्ण कुमार, पटना) बिहार में रोड नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने गंगा किनारे तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं को तेज गति देने का फैसला लिया है. इन परियोजनाओं के तहत कुल 118.45 किलोमीटर लंबा आधुनिक फोरलेन सड़क नेटवर्क तैयार किया जाएगा. सरकार ने इन तीनों परियोजनाओं को वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है.

इन परियोजनाओं पर कुल 16,465.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. सरकार का मानना है कि इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, ट्रैफिक का दबाव कम होगा और पर्यटन व व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी.

सुल्तानगंज से भागलपुर तक बनेगा फोरलेन गंगा पथ

पहली बड़ी परियोजना भागलपुर क्षेत्र से जुड़ी है. इसके तहत सुल्तानगंज से भागलपुर तक करीब 40.8 किलोमीटर लंबा फोरलेन गंगा पथ बनाया जाएगा. इस परियोजना पर 4,849.83 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. सरकार ने इसे चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है.

इस सड़क के बनने से भागलपुर, सुल्तानगंज और आसपास के इलाकों में आवागमन काफी आसान हो जाएगा. खासकर श्रावणी मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी.

मुंगेर में साफियाबाद से घोरघट तक बनेगा नया गंगा पथ

दूसरी परियोजना मुंगेर जिले में प्रस्तावित है. इसके तहत साफियाबाद से बरियारपुर और घोरघट तक लगभग 42 किलोमीटर लंबा गंगा पथ तैयार किया जाएगा. इस परियोजना की अनुमानित लागत 5,119.8 करोड़ रुपये बताई गई है. इसका निर्माण भी चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है.

सरकार का कहना है कि इस सड़क के बनने से मुंगेर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी. साथ ही व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

दीघा से कोइलवर तक बढ़ेगा JP गंगा पथ

तीसरी और सबसे अहम परियोजना राजधानी पटना और भोजपुर क्षेत्र से जुड़ी है. इसके तहत JP गंगा पथ का विस्तार दीघा से कोइलवर (बिहटा) तक किया जाएगा. करीब 35.65 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन विस्तार पर 6,495.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

इस परियोजना के पूरा होने से पटना में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही बिहटा, आरा और भोजपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों को तेज और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा.

बिहार की सड़क व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत

राज्य सरकार का कहना है कि इन तीनों गंगा पथ परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बिहार की सड़क आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी. इससे न सिर्फ लोगों की यात्रा आसान होगी, बल्कि राज्य में आर्थिक गतिविधियों और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा.

Also Read: CM सम्राट बोले- पुलिस को खुली छूट, अपराधियों को 48 घंटे में मिलेगा जवाब, बाहर रह रहे बिहारियों से भी की खास अपील

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन