बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक बंटी ने की नीतीश कुमार से मुलाकात, कल नामांकन में नितिन नवीन भी रहेंगे मौजूद

नीतीश कुमार से मिले बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार
Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर हलचल तेज है. बीजेपी ने युवा नेता अभिषेक कुमार बंटी को उम्मीदवार बनाया है, जो कल नामांकन दाखिल करेंगे. बुधवार को अभिषेक नीतीश कुमार से भी मिले.
Bankipur Bypoll: पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. बीजेपी ने युवा नेता अभिषेक कुमार बंटी को मैदान में उतारा है. वह गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे. इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे.
बुधवार को बांकीपुर से बीजेपी कैंडिडेट अभिषेक बंटी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले. साथ में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और JDU सांसद संजय झा भी मौजूद थे. इसके बाद उन्होंने सीएम सम्राट से भी मुलाकात की.

नितिन नवीन के करीबी हैं अभिषेक बंटी
अभिषेक कुमार बंटी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. वह कायस्थ समाज से आते हैं और नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं. संगठन में लंबे समय से सक्रिय अभिषेक बंटी को बीजेपी ने बांकीपुर सीट पर भरोसा जताते हुए उम्मीदवार बनाया है.
नामांकन में शामिल होंगे बीजेपी अध्यक्ष
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंच रहे हैं. गुरुवार को वह अभिषेक बंटी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे. नितिन नवीन के लिए यह सीट काफी अहम है, क्योंकि वह खुद इस सीट से कई बार विधायक रह चुके हैं. उनके राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर सीट खाली हुई है.
प्रशांत किशोर ने भी झोंकी पूरी ताकत
बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मैदान में हैं. प्रशांत किशोर लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं. वह रोजाना करीब 7 घंटे तक लोगों के बीच रह रहे हैं.
जनसुराज को झटका, बिट्टू सिंह ने छोड़ा साथ
चुनाव के बीच जनसुराज को बड़ा झटका लगा है. पार्टी नेता बिट्टू सिंह ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने बीजेपी को समर्थन देने का ऐलान किया है. साथ ही बांकीपुर में बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने की बात कही है.
आरजेडी ने रेखा गुप्ता को उतारा
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा कुमारी गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है. हालांकि, उम्मीदवार चयन को लेकर पार्टी के अंदर नाराजगी की चर्चा है. वहीं, आरजेडी के फैसले से कांग्रेस भी खुश नहीं बताई जा रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
30 जुलाई को होगी वोटिंग
बांकीपुर विधानसभा सीट पर नामांकन की आखिरी तारीख 13 जुलाई है. यहां 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को चुनाव परिणाम जारी किए जाएंगे. इस बार बीजेपी, जनसुराज और आरजेडी के बीच मुकाबला होने से बांकीपुर का चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है.
कौन हैं अभिषेक कुमार बंटी?
अभिषेक कुमार बंटी फिलहाल भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. इससे पहले वह पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
उन्होंने संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. 1999 से बूथ और वार्ड स्तर पर काम शुरू करने वाले अभिषेक 2020 से 2023 तक पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे.
Also Read: बांकीपुर बचाने खुद उतरेंगे नितिन नवीन, पटना आकर बनाएंगे बीजेपी की जीत का प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










