बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव कल, सभी 422 बूथों की होगी लाइव वेबकास्टिंग

Updated:
विज्ञापन
बांकीपुर उपचुनाव: 30 जुलाई को मतदान, सुरक्षा चाक-चौबंद

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े इंतजाम किए हैं, जिसमें 14 कंपनियां केंद्रीय पुलिस बल तैनात की गई हैं.

विज्ञापन

Bankipur By-election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंगलवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया. अब 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा. मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. जिले के अधिकारियों के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्रों की लाइव वेबकास्टिंग कराई जाएगी. सभी बूथों पर सुरक्षा के लिए केंद्रीय पुलिस फोर्स के जवान तैनात रहेंगे.

बूथों पर केंद्रीय बलों की तैनाती

डीएम डॉ. कुंदन कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा, ट्रैफिक एसपी सागर झा, उप निर्वाचन पदाधिकारी बिपिन कुमार और पटना सदर अवर निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार पटेल मौजूद थे. डीएम ने कहा कि चुनाव प्रचार समाप्त हो चुका है. अब किसी भी प्रकार की सभा, रैली और जुलूस पर रोक रहेगी.

प्रत्याशी को सिर्फ तीन वाहनों की अनुमति

डीएम ने बताया कि मतदान के दिन किसी भी प्रत्याशी को बूथ तक जाने के लिए केवल तीन वाहनों की अनुमति होगी. इनमें एक वाहन प्रत्याशी के लिए और दो वाहन अधिकृत एजेंट के लिए होंगे. प्रत्येक वाहन में चालक समेत अधिकतम पांच लोगों के बैठने की अनुमति रहेगी.

बाहरी प्रचारक और कार्यकर्ताओं को क्षेत्र छोड़ने का निर्देश

डीएम ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं रहने वाले बाहरी स्टार प्रचारक, राजनीतिक कार्यकर्ता और प्रचार से जुड़े लोगों को क्षेत्र में रहने की अनुमति नहीं होगी. उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों को विधानसभा क्षेत्र की सीमा से बाहर रहना होगा. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.

दिन-रात होगी सुरक्षा गश्ती

मतदाताओं को किसी प्रकार के प्रलोभन या दबाव से बचाने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार गश्ती की जाएगी. प्रशासन ने चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की है.

14 कंपनियां केंद्रीय पुलिस फोर्स की तैनात

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि चुनाव के लिए केंद्रीय पुलिस फोर्स की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं. सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों के जवान मौजूद रहेंगे. इसके अलावा बिहार पुलिस और सैप के जवानों की भी पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है. उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में अब तक पांच केस दर्ज किए गए हैं. जांच के दौरान चार हथियार और 21 कारतूस बरामद किए गए हैं.

इसके अलावा 38.79 लाख रुपये नकद, 4419 लीटर शराब, 1.98 ग्राम मादक पदार्थ और 50.53 लाख रुपये की अन्य सामग्री जब्त की गई है. आपराधिक छवि वाले करीब दो हजार लोगों से बांड भरवाया गया है, जबकि तीन लोगों के खिलाफ सीसीए प्रस्ताव की प्रक्रिया चल रही है.

बोरिंग रोड इलाके में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था

ट्रैफिक एसपी सागर झा ने बताया कि मतदान के दिन बोरिंग रोड में सोहनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग होते हुए एएन कॉलेज तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के आंकड़े

  • कुल मतदाता: 3,79,616
  • पुरुष मतदाता: 2,00,060
  • महिला मतदाता: 1,79,533
  • ट्रांसजेंडर मतदाता: 23
  • ओवरसीज मतदाता: 14


विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन