एम्स पटना व स्टेट हेल्थ सोसाइटी के बीच ऐतिहासिक करार, सरकारी अस्पतालों में मिलेगा एक समान आपातकालीन इलाज

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम के दौरान मौजूद अतिथि

एम्स पटना और स्टेट हेल्थ सोसाइटी बिहार के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है, जिसका उद्देश्य राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक समान मानक लागू करना है। इस पहल से गंभीर मरीजों को "गोल्डन ऑवर" में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध इलाज मिल सकेगा.

विज्ञापन

Patna News : बिहार में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में गुरुवार को एम्स पटना और स्टेट हेल्थ सोसाइटी (एसएचएस) बिहार के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए. इस पहल का उद्देश्य राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए एक समान मानक लागू करना है, ताकि मरीजों को हर जिले में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध इलाज मिल सके.

गंभीर मरीजों को मिलेगा मानकीकृत उपचार

समझौते के तहत सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, स्ट्रोक, सर्पदंश, विषाक्तता, जलने की घटनाओं और प्रसूति आपातकाल जैसी गंभीर परिस्थितियों में पूरे राज्य में एक समान क्लिनिकल प्रोटोकॉल, आधुनिक ट्रायेज प्रणाली और वैज्ञानिक उपचार व्यवस्था लागू की जाएगी. इसका उद्देश्य मरीजों को "गोल्डन ऑवर" के भीतर बेहतर और प्रभावी इलाज उपलब्ध कराना है.

एम्स बनेगा तकनीकी संसाधन केंद्र

एमओयू पर स्टेट हेल्थ सोसाइटी की ओर से संयुक्त सचिव सह प्रभारी (प्रशिक्षण) बृंदा लाल तथा एम्स पटना की ओर से चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने हस्ताक्षर किए. यह कार्यक्रम एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ. समझौते के तहत एम्स पटना को राज्य का शीर्ष तकनीकी संसाधन केंद्र बनाया गया है. संस्थान जिला अस्पतालों एवं अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को प्रशिक्षण, क्लिनिकल मेंटरिंग, टेली-इमरजेंसी परामर्श, गुणवत्ता ऑडिट तथा तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगा.

हब एंड स्पोक नेटवर्क होगा विकसित

इस पहल के तहत एम्स पटना को केंद्रीय हब तथा राज्य के 13 सरकारी मेडिकल कॉलेजों को क्षेत्रीय हब बनाकर हब एंड स्पोक इमरजेंसी केयर नेटवर्क विकसित किया जाएगा. इससे जिला स्तर तक विशेषज्ञ मार्गदर्शन और बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी.

स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव लाएगा समझौता

एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने कहा कि यह समझौता बिहार की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव लाने वाला कदम साबित होगा. वहीं स्टेट हेल्थ सोसाइटी की संयुक्त सचिव बृंदा लाल ने कहा कि यह साझेदारी सरकारी अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी.

इसे भी पढ़ें: IGIMS पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, मरीजों ने घेरकर कहा- यहां दलाली होती है, एक ने रोते हुए कहा- मेरी मां मर गई


विज्ञापन
Ajay Kumar

लेखक के बारे में

By Ajay Kumar

फिलहाल प्रभात खबर में संपादक, बिहार के तौर पर कार्यरत। प्रशिक्षु पत्रकार के रूप में प्रभात खबर से अक्टूबर, 1990 से शुरुआत। 35 साल से पत्रकारिता के दौरान विभिन्न अखबारों में सभी तरह की जिम्मेवारी व दायित्व का निर्वहन। रांची और जमशेदपुर में भी काम किया। एक बड़े डिजिटल समूह में बिहार से रिपोर्टिंग की। राजनीति, सरकार की नीतियों, अर्थव्यवस्था, ग्रामीण बिहार पर रिपोर्टिंग। सुरेंद्र प्रताप सिंह युवा पत्रकारिता सम्मान प्राप्त।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन