ePaper

बेमौसम बारिश से नष्ट फसलों की मिलेगी क्षतिपूर्ति : नीतीश

Updated at : 18 Dec 2019 8:20 AM (IST)
विज्ञापन
बेमौसम बारिश से नष्ट फसलों की मिलेगी क्षतिपूर्ति : नीतीश

भभुआ कार्यालय (कैमूर)/अंबा (औरंगाबाद)/सासाराम ऑफिस (रोहतास) : लगातार तीन दिनों तक रुक-रुक कर हुई बेमौसम बरसात से फसल क्षति के पीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति दी जायेगी. इसकी घोषणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को जल-जीवन -हरियाली यात्रा के दौरान कैमूर के मुंडेश्वरी धाम परिसर में जागरूकता सम्मलेन को संबोधित करते हुए की. साथ ही उन्होंने […]

विज्ञापन
भभुआ कार्यालय (कैमूर)/अंबा (औरंगाबाद)/सासाराम ऑफिस (रोहतास) : लगातार तीन दिनों तक रुक-रुक कर हुई बेमौसम बरसात से फसल क्षति के पीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति दी जायेगी. इसकी घोषणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को जल-जीवन -हरियाली यात्रा के दौरान कैमूर के मुंडेश्वरी धाम परिसर में जागरूकता सम्मलेन को संबोधित करते हुए की.
साथ ही उन्होंने मंच से ही आपदा विभाग के पदाधिकारियों समेत डीएम को फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया. इससे पहले सीएम ने यहां 104 करोड़ की 91 योजनाओं का उद्घाटन व 564 करोड़ की 515 योजनाओं का शिलान्यास किया.
इसके बाद सीएम ने रोहतास में भी कई योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. सीएम ने औरंगाबाद जिले के कुटुंबा प्रखंड के चिल्हकी बिगहा गांव में जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत कराये गये कार्यों के अलावा स्ट्रॉबेरी की खेती का जायजा लिया. इसके बाद सीएम गया पहुंचे, जहां महाबोधि मंदिर व विष्णुपद मंदिर में दर्शन-पूजन किया. सीएम रात्रि विश्राम गया में किया. मुख्यमंत्री हरियाली यात्रा के तीसरे चरण में कैमूर के औसान व मुंडेश्वरी गये.
पहले तो मुख्यमंत्री ने औसान गांव में तालाब निर्माण, पइन व कुओं के जीर्णोद्धार सहित सौर ऊर्जा से चलनेवाले वाटर पंप सहित सोखता का निरीक्षण किया. इसके बाद मुंडेश्वरी में जागरूकता सम्मेलन को संबोधित किया.
सम्मेलन में खनन मंत्री ब्रिजकिशोर बिंद ने मुख्यमंत्री के समक्ष पिछले तीन दिनों से लगातार हुई बेमौसम बरसात से बड़े पैमाने पर फसल क्षति का मामला उठाया. इसके बाद जब मुख्यमंत्री संबोधन के लिए आये तो उन्होंने कहा कि जिस बेमौसम बरसात से आप फसल क्षति व आपदा की बात कर रहे हैं, उसी से बचने के लिए जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम चलाया जा रहा है.
इसी कार्यक्रम से ऐसी आपदा से बचा जा सकता है. जलवायु परिवर्तन के कारण ही कभी सूखा, तो कभी आवश्यकता से अधिक बारिश होती है. पहले 15 जून को मॉनसून शुरू हो जाता था. 1200 से 1500 मिली लीटर बारिश होती थी. आज 13 वर्षों की बारिश का औसत निकाला गया है, तो यह घट कर 900 मिली लीटर हो गया है. किसी क्षेत्र में अधिक बारिश होने के कारण भारी क्षति हो रही है, तो कहीं सूखे की क्षति उत्पन्न हो जा रही है. इससे जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम से ही बचा जा सकता है.
जहां तक आपदा से क्षति की बात है, तो अब तक आपदा से प्रभावित 41 लाख 50 हजार परिवार को 2213 करोड़ 60 लाख रुपये वितरित किये जा चुके हैं. जो नुकसान हाल में बेमौसम बरसात से हुआ है, उसमें भी जो संभव होगा सरकार के स्तर से मदद की जायेगी. लेकिन, उन्होंने सभा में मौजूद हजारों की संख्या पुरुष व महिलाओं से आग्रह किया कि वे शराबबंदी, दहेजप्रथा व बाल विवाह की तरह इस कार्यक्रम को भी अपना समर्थन देकर जागरूकता फैलाएं, तो निश्चित रूप से जलवायु परिवर्तन से होनेवाले नुकसान से बचा जा सकता है. कार्यक्रम में मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, प्रभारी मंत्री संतोष कुमार निराला, खनन मंत्री ब्रिजकिशोर बिंद, विधायक अशोक सिंह, निरंजन राम व रिंकी रानी पांडेय, डीएम नवल किशोर चौधरी सहित कई महत्वपूर्ण लोग मौजूद रहे.
रोहतास में ओपन जिम व बस स्टैंड का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रोहतास जिले के दिनारा में तालाब का निरीक्षण किया और उन्नत मत्स्यजीवी योजना के तहत मछली बीज काे पोखर में प्रवाह किया. सीएम ने छात्रावास के समीप पोखर इनलेट का निरीक्षण किया और पौघारोपण का अवलोकन करते हुए विद्युत सब-स्टेशन के समीप पोखर के द्वितीय इनलेट का अवलोकन किया.
साथ ही दिनारा पोखर के किनारे पर नवनिर्मित ओपन जिम एवं फाउंटेशन, बस स्टैंड सासाराम व पुराने जीटी रोड के चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया. चापाकल के समीप निर्मित सोखता का अवलोकन किया. दिनारा पोखर पार्क में लगी सोलर लाइट एवं अतिक्रमणमुक्त स्थल का निरीक्षण किया. फिर बलदेव हाइस्कूल परिसर में कुएं के जीर्णोद्धार कार्य व रेन वाटर हार्वेस्टिंग का अवलोकन किया.
हरियाली यात्रा के तीसरे चरण में कैमूर रोहतास व औरंगाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री
औरंगाबाद में सीएम ने देखी स्ट्रॉबेरी की खेती
मुख्यमंत्री औरंगाबाद के कुटुंबा प्रखंड के चिल्हकी बिगहा गांव गये, जहां जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत कराये गये कार्यों के अलावा स्ट्रॉबेरी की खेती का जायजा लिया. योजना स्थल पर सीएम ने सभी स्टॉलों के पास जाकर बारी-बारी से उसके संबंध में जाना और कई आवश्यक निर्देश दिये.
आज गया में होगी कैबिनेट की बैठक
गया : शहर के बाइपास रोड स्थित राज्य वानिकी प्रशिक्षण संस्था में बुधवार को कैबिनेट की बैठक होगी. यहां लेबोरेट्री हॉल को मंत्रिमंडल कक्ष का रूप दिया गया है. मंगलवार को मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव, डीजीपी, मंत्रिमंडल सचिवालय के विशेष सचिव ने इससे संबंधित तैयारियों का जायजा लिया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन