ePaper

घट रहा पुनपुन नदी का जल स्तर, सामान्य हो रही स्थिति

Updated at : 07 Oct 2019 2:42 AM (IST)
विज्ञापन
घट रहा पुनपुन नदी का जल स्तर, सामान्य हो रही स्थिति

मसौढ़ी : पुनपुन नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है. बीते शनिवार की रात से जलस्तर घटने का सिलसिला शुरू हुआ है जो रविवार को भी जारी था. पुनपुन घाट पर जहां जलस्तर प्रति घंटा 6 से 7 सेंटीमीटर घट रहा है, वहीं श्रीपालपुर में प्रति घंटा 2 सेंटीमीटर जलस्तर में कमी आ रही है. […]

विज्ञापन

मसौढ़ी : पुनपुन नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है. बीते शनिवार की रात से जलस्तर घटने का सिलसिला शुरू हुआ है जो रविवार को भी जारी था. पुनपुन घाट पर जहां जलस्तर प्रति घंटा 6 से 7 सेंटीमीटर घट रहा है, वहीं श्रीपालपुर में प्रति घंटा 2 सेंटीमीटर जलस्तर में कमी आ रही है. इस बाबत जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता रामसेवक शर्मा ने बताया कि पुनपुन नदी स्थित सकरइचा में जो खतरा बना हुआ था वह पूरी तरह समाप्त हो गया है.

उन्होंने बताया कि पुनपुन घाट पर नदी का जलस्तर प्रति घंटा 6 से 7 सेंटीमीटर घट रहा है. उन्होंने बताया कि सोमवार को नदी के जलस्तर में और भी कमी हो जायेगी. इधर केंद्रीय जल आयोग पटना के सीनियर वर्क असिस्टेंट मुन्ना प्रसाद ने बताया कि पुनपुन स्थित श्रीपालपुर में भी नदी का जलस्तर प्रति घंटा 2 सेंटीमीटर घट रहा है.
इसके बावजूद अभी भी नदी का जलस्तर खतरे के निशान (50.60) मीटर से ऊपर है. रविवार की शाम नदी का जलस्तर पुनपुन घाट पर जहां 51.30 मीटर दर्ज की गयी वहीं श्रीपालपुर में इसका स्तर 52.76 दर्ज किया गया है. शनिवार की रात से पुनपुन नदी का जलस्तर घटने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा.
नतीजतन प्रखंड के विभिन्न गांवों के प्रभावित लोगों की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. पुनपुन बाजार से पूरी तरह पानी निकल गया है, वहीं एनएच पर चढ़ा पानी भी उतरने लगा है. हालांकि अभी भी कुछ ऐसे गांव हैं जहां पानी घटने के बावजूद जमाव बरकरार है.
इस बीच रविवार को पुनपुन हाइस्कूल समेत प्रखंड के अन्य जगहों पर चल रहे सामूहिक रसोई घरों में बाढ़ से प्रभावित लोगों को भोजन कराया जा रहा था. रविवार की सुबह एसडीओ संजय कुमार खुद अपनी निगरानी में प्रभावित लोगों को भोजन करा रहे थे. दोपहर नोडल पदाधिकारी सह परिवहन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल पुनपुन हाइस्कूल पहुंच स्थिति का जायजा लिया.
डीएम ने किया बाढ़पीड़ित क्षेत्रों का निरीक्षण
पटना . पुनपुन नदी के जल स्तर में गिरावट शुरू हो गयी है. सकरैचा में जल स्तर 90 सेंटीमीटर कम हुआ है जबकि श्रीपालपुर में तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर कम हो रहा है. डीएम कुमार रवि ने एनडीआरएफ की बोट से पुनपुन नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों यथा-बेहरावां, लखना पूर्वी, लखना उत्तरी, बेलदारीचक, फरीदपुर का निरीक्षण करने के बाद रविवार को कहा कि पटना जिला में इससे 86784 लोग प्रभावित हुए हैं.
डीएम ने बताया कि पुनपुन नदी के जल से बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 42 स्थानों पर सामुदायिक कम्युनिटी किचन चल रहा है, जहां लोगों को मुफ्त भोजन, पानी एवं बच्चों को दूध उपलब्ध कराया जा रहा है.
उन्होंने कम्युनिटी किचन का भी निरीक्षण किया और बताया कि इनमें कुल 25475 लोगों ने भोजन किया. उन्होंने बताया कि छह पशु राहत केंद्र भी खोले गये हैं, जिनमें बाढ़ प्रभावित लोगों के पशुओं की चिकित्सा एवं देख-रेख के साथ चारा मुहैया कराया जा रहा है. बाढ़ प्रभावितों के लिए 6779 फूड पैकेट का वितरण भी किया गया.
बाढ़ पीड़ितों के इलाज के लिए छह स्थानों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुनपुन के पास राम गोविंद सिंह हाइस्कूल, मध्य विद्यालय पैमार, मध्य विद्यालय शेखपुर बहरामा, मध्य विद्यालय बेलदार एवं पेट्रोल पंप बेलदार में मेडिकल कैंप लगाया गया है. साथ ही, बाढ़ राहत शिविरों में सामुदायिक आंगनबाड़ी केंद्र बनाया गया है जहां आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका बाढ़ प्रभावित परिवारों के बच्चों की देखभाल कर रही हैं.
डीएम ने राम गोविंद सिंह उच्च विद्यालय स्थित सामुदायिक आंगनबाड़ी केंद्र में जाकर बच्चों से उनके पढ़ाई एवं उन्हें दिये जा रहे भोजन के संबंध में बातचीत की और बिस्कुट, दूध एवं फलों का वितरण किया. डीएम ने बड़हिया कोल में पुनपुन नदी से कटाव का भी स्थल भ्रमण किया. डीएम ने क्षेत्रों से जल स्तर घटने को देखते हुए सिविल सर्जन को ब्लीचिंग पाउडर भेजने का निर्देश दिया.
घर से लेकर मुहल्ले तक कमर भर पानी
फुलवारीशरीफ. पिछले दिनों बारिश से संपतचक ब्लॉक अंतर्गत शाहपुर, जकरियापुर, खेमनीचक में पानी लगातार बढ़ रहा है, अभी भी कमर तक पानी के जलजमाव से जूझ रहे लोगों की परेशानियों का समाधान करने के लिए कोई सरकारी पहल नहीं हो पा रही है. शहर के कई इलाकों से पानी निकल गया, तो कहीं अब भी जलजमाव से लोग परेशान हैं. लोगों का गुस्सा इस बात को लेकर भी है की यहां के लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है.
पहले से ही बारिश का पानी जमा था उस पर पटना शहर के जलजमाव की निकासी का पानी भी इन इलाके में छोड़ा गया. खेमनीचक, आदर्श कॉलोनी, यमुना विहार कॉलोनी, नया चक, शाहपुर, शेखपुरा पिपरा, मंगल चौक सहित कई मुहल्लों में कमर तक पानी जमा हो गया है. दशहरे के जश्न के बीच इन इलाकों में अब भी दो से तीन फुट पानी सड़कों से लेकर मुहल्लों तक में जमा है, जो सड़ कर काला हो गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन