पटना जंक्शन से 7 शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के 7 फोन बरामद
7 शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार
Patna Crime: पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है. 7 शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से चोरी के 7 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं. पुलिस ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है.
पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
आपके शहर में
Patna Crime: पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. 12 जुलाई 2026 की रात पुलिस ने स्टेशन परिसर से संगठित गिरोह के 7 शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया. इनके पास से चोरी के 7 स्क्रीनटच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
संदिग्ध हालत में बैठे थे सभी आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रविवार रात जीआरपी और आरपीएफ की टीम बुकिंग काउंटर और सर्कुलेटिंग एरिया में निगरानी कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 06/07 के पश्चिमी छोर पर आरपीएसएफ मेस के पास नीम के पेड़ के नीचे 7 संदिग्ध व्यक्ति एक साथ बैठे दिखाई दिए. पुलिस टीम को देखकर सभी भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया.
तलाशी में मिले अलग-अलग कंपनियों के 7 मोबाइल
ई-साक्ष्य नियमों के तहत वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए आरोपियों की तलाशी ली गई. इस दौरान उनके पास से इन्फिनिक्स, रेडमी, ओप्पो, सैमसंग, रियलमी और वीवो कंपनी के 7 मोबाइल फोन बरामद हुए. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल और अन्य सामान चोरी करते हैं.
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों में कटिहार निवासी जफर शेख और शेख इरफान के अलावा पटना निवासी मनीष कुमार, राहुल कुमार, लवकुश कुमार, अरविंद कुमार और अमित कुमार शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि इनमें से कई आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं. इनके खिलाफ पटना जंक्शन, मालसलामी, कोतवाली, बाईपास और मनिहारी थानों में चोरी, लूट और मद्य निषेध अधिनियम के तहत 10 से अधिक मामले दर्ज हैं.
आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
जीआरपी ने बरामद मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों को भी दे दी गई है.
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद जीआरपी ने रेल यात्रियों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा खुद करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत जीआरपी, आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें.
पटना के नौबतपुर में स्मैक के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, दो को लगी गोली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए