बिहार में शुरू हुई हेली टूरिज्म सेवा: इतने कम किराए में करें वाल्मीकिनगर की हवाई सैर, 18 जुलाई से उड़ान, आज से बुकिंग शुरू

AI द्वारा बनाया गया सांकेतिक तस्वीर
Bihar Heli Tourism: बिहार में पर्यटन को पंख लगने वाले हैं! 18 जुलाई से हेली-टूरिज्म सेवा की शुरुआत हो रही है, जिससे आप बिहार के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों तक आसानी से पहुँच सकेंगे. ऑनलाइन बुकिंग 13 जुलाई से शुरू हो चुकी है.
Bihar Heli Tourism: बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026 का शुभारंभ करेंगे. पर्यटन विभाग और सिविल विमानन विभाग की संयुक्त पहल से शुरू की जा रही इस योजना के तहत पर्यटक अब बिहार के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों तक हेलीकॉप्टर के जरिए आसानी से पहुंच सकेंगे. योजना की ऑनलाइन बुकिंग 13 जुलाई से शुरू होगी, जबकि 18 जुलाई से हेली टूरिज्म सेवा का औपचारिक संचालन प्रारंभ हो जाएगा.
पहले चरण में शामिल होंगे 3 पर्यटन स्थल
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि पहले चरण में पश्चिम चंपारण का वाल्मीकिनगर, कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर और नालंदा का राजगीर हेली टूरिज्म योजना में शामिल किए गए हैं. वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय विमान का उपयोग किया जाएगा, जबकि कैमूर और राजगीर के लिए 6+2 सीटर किराये के हेलीकॉप्टर उपलब्ध रहेंगे. प्रत्येक उड़ान में अधिकतम पांच सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित होंगी.

शनिवार-रविवार को मिलेगी हवाई सेवा
पटना से वाल्मीकिनगर के लिए हर शनिवार और रविवार सुबह 10 बजे तथा दोपहर 3 बजे उड़ान भरेगी. वापसी क्रमशः सुबह 11 बजे और शाम 4:30 बजे होगी. इस रूट पर (Bihar Heli Tourism) प्रति सप्ताह 20-20 सीटों की व्यवस्था रहेगी.
पटना-राजगीर-पटना हेलीकॉप्टर सेवा भी सप्ताहांत में संचालित होगी. इसके तहत सुबह 9:30 बजे प्रस्थान और 10:30 बजे वापसी होगी. वहीं पटना-कैमूर (करमचट डैम हेलिपैड)-पटना सेवा सुबह 11 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:45 बजे तक लौट आएगी. दोनों मार्गों पर प्रति सप्ताह 10-10 सीटें उपलब्ध रहेंगी.
पटना शहर का हेलीकॉप्टर जॉय राइड भी होगा शुरू
पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए पटना शहर का स्काईलाइन देखने का भी विशेष अवसर मिलेगा. हेलीकॉप्टर जॉय राइड प्रत्येक शनिवार और रविवार दोपहर 3 बजे से शुरू होगी. प्रत्येक राइड 10 मिनट की होगी और दो उड़ानों के बीच 30 मिनट का अंतर रहेगा. (Bihar Heli Tourism) प्रतिदिन चार राइड संचालित की जाएंगी तथा प्रत्येक राइड में पांच यात्रियों को यात्रा का मौका मिलेगा.
जानिए कितना होगा किराया
राज्य सरकार ने आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए रियायती किराया तय किया है.
| सेवा | किराया |
| पटना. वाल्मीकिनगर | ₹5,000 प्रति यात्री |
| पटना. कैमूर | ₹6,000 प्रति यात्री |
| पटना. राजगीर | ₹4,000 प्रति यात्री |
| पटना हेलीकॉप्टर जॉय राइड | ₹2,100 प्रति सीट |
सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन विभाग और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी.
13 जुलाई से शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग
हेली टूरिज्म योजना (Bihar Heli Tourism) के तहत ऑनलाइन बुकिंग 13 जुलाई से शुरू हो जाएगी. इच्छुक पर्यटक बिहार पर्यटन विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकेंगे. 18 जुलाई से यह सेवा आम लोगों के लिए शुरू कर दी जाएगी.
कई पर्यटन परियोजनाओं का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पर्यटन नीति के तहत मुजफ्फरपुर की मेसर्स तूफानी एडवेंचर प्रा. लि. को एम्यूजमेंट पार्क के लिए 1.37 करोड़ रुपये की पहली अनुदान राशि का चेक भी प्रदान करेंगे. मुख्यमंत्री होम स्टे पॉलिसी के तहत वाल्मीकिनगर के संतोष कुमार, बोधगया की उषा सिंह और बराबर के पुरुषोत्तम प्रकाश को प्रमाणन प्रमाणपत्र भी सौंपेंगे.

बोधगया में बनेगा ध्यान एवं अनुभव केंद्र
इसके अलावा गया के बोधगया (Bihar Heli Tourism) में 165.44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा. साथ ही 28.50 करोड़ रुपये की लागत वाली कई पर्यटन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी होगा, जिनमें मनेर शरीफ का थीमैटिक गेट, दीघा घाट पर्यटन सुविधाएं, संडेश्वर नाथ शिव मंदिर का विकास, गांधी मैदान पार्क का पुनर्विकास, वैष्णो मंदिर का भव्य प्रवेश द्वार, ब्रह्मेश्वर स्थान फेज-2, बेलाउर सूर्य मंदिर, देवकुली धाम तालाब सौंदर्यीकरण और नानक साहब लालगंज विकास कार्य शामिल हैं.
बिहार पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
सरकार का मानना है कि इस योजना से धार्मिक और विरासत पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही वाल्मीकिनगर, कैमूर और राजगीर जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, पर्यटन राजस्व बढ़ेगा और बिहार राष्ट्रीय स्तर पर हेली टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में अपनी नई पहचान बना सकेगा.
ALSO READ: नामांकन से पहले बाबा हरिहरनाथ के दरबार पहुंचे प्रशांत किशोर, मंदिर में की पूजा-अर्चना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By करुणा तिवारी
करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










