पूर्व विधायक राजू की पत्नी व सहयोगी को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, शराब के नशे में होने की बात कबूल की

Updated at : 04 Jan 2019 10:04 PM (IST)
विज्ञापन
पूर्व विधायक राजू की पत्नी व सहयोगी को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, शराब के नशे में होने की बात कबूल की

नयी दिल्ली/पटना : दिल्ली की एक अदालत ने जदयू के पूर्व विधायक राजू सिंह के फार्म हाउस पर नववर्ष के जश्न के दौरान हर्ष फायरिंग में एक महिला की मौत के संबंध में सिंह की पत्नी को शुक्रवार को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सलोनी सिंह ने नेता की पत्नी […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली/पटना : दिल्ली की एक अदालत ने जदयू के पूर्व विधायक राजू सिंह के फार्म हाउस पर नववर्ष के जश्न के दौरान हर्ष फायरिंग में एक महिला की मौत के संबंध में सिंह की पत्नी को शुक्रवार को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सलोनी सिंह ने नेता की पत्नी रेनू सिंह तथा नेता के लिए काम करने वाले रमिंदर सिंह को कथित रूप से साक्ष्य मिटाने के लिए 14 दिन की हिरासत में भेजा. राजू सिंह द्वारा कथित रूप से चलायी गयी गोली अर्चना गुप्ता को जाकर लगी थी और उनकी बृहस्पतिवार को मौत हो गयी थी. रेनू और रमिंदर दोनों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था. रेनू ने जमानत याचिका दायर की है जिस पर शनिवार को सुनवाई होगी.

दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को राजू और सहआरोपी उनके चालक हरि सिंह को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था. भाजपा की टिकट पर 2015 में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने लेकिन हारने वाले राजू को बुधवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया था. रेनू बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य हैं. पुलिस के अनुसार, उन्होंने खून के धब्बे साफ किये और इस्तेमाल कारतूस छिपाए थे. मृतक गुप्ता हौजखास के गौतम नगर की निवासी थी जो अपने पति और बेटी के साथ पार्टी में गये थी.

पूर्व विधायक ने शराब के नशे में होने की बात कबूल की
बिहार के पूर्व विधायक राजू सिंह से शुक्रवार को करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गयी और जश्न में की गयी गोलीबारी के दौरान शराब के नशे में होने की बात उन्होंने कबूल की. गोलीबारी की उस घटना में एक महिला की मौत हो गयी थी. सूत्रों ने बताया कि राजू सिंह शुरुआत में जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे और दावा किया था कि दक्षिण दिल्ली के एक फार्म हाउस में नववर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित पार्टी में उन्होंने कोई गोली नहीं चलायी थी.

जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व विधायक ने कहा कि वह डर के मारे घटनास्थल से भाग गये थे, लेकिन बाद में उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने एक राइफल और एक पिस्तौल से गोली चलायी थी. सिंह ने पुलिस से कहा कि वह नशे में थे और मध्यरात्रि के करीब जब उल्टी गिनती शुरू हुई तो उन्होंने पहले पिस्तौल से गोली चलायी और फिर एक राइफल और एक बार फिर पिस्तौल से गोली दागी. गोली 42 वर्षीय आर्किटेक्ट अर्चना गुप्ता के सिर में लगी जिसमें उनकी मौत हो गयी.

पुलिस ने कहा कि आरोपी के चालक हरि सिंह का रक्त से सना कपड़ा बरामद किया जाना बाकी है. पूर्व विधायक ने पुलिस से कहा कि कपड़े उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में कहीं फेंक दिये गये. वहीं से उन्हें उनके चालक के साथ हिरासत में लिया गया था और बाद में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने बताया कि उन्हें एक या दो दिन में कुशीनगर ले जाया जायेगा, जहां उन्होंने कपड़े फेंके थे और कुछ खाली कारतूस की खोज की जायेगी, जिन्हें वह फार्म हाउस से भागते वक्त अपने साथ लेकर गये थे. सूत्रों ने बताया कि राजू सिंह की बिहार में अपने गांव भागने की योजना थी, लेकिन ऐसा करने से पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया.

गौरतलब हो कि बिहार के साहेबगंज से जदयू के पूर्व विधायक राजू सिंह ने दिल्ली एनसीआर स्थित फॉर्म हाउस पर न्यू ईयर की पार्टी के दौरान अर्चना गुप्ता को गोली मार दी थी. इसके बाद बिहार आने के दौरान दिल्ली पुलिस ने गोरखपुर के पास राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं, राजू सिंह की गोली से घायल महिला की इलाज के दौरान दिल्ली स्थित फोर्टिज अस्पताल में गुरुवार को मौत हो गयी. राजू सिंह ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उन्होंने पार्टी के दौरान शराब पी रखी थी और नशे में गोली चला दी थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन