पटना : मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा, बिहटा-पटना फोरलेन के लिए दानापुर में रेलवे कॉलोनी की मिले जमीन
Updated at : 13 Aug 2018 6:50 AM (IST)
विज्ञापन

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमालपुर स्थित मेकैनिकल इंजीनियरिंग कॉलेज (आईआरआईएम ईई) को बंद नहीं करने का आग्रह किया और कहा कि रेलवे वहां रेल विश्वविद्यालय खोले. मुख्यमंत्री ने पटना साहिब -पटना घाट रेललाइन की जमीन बिहार सरकार को देने की सहमति के लिए रेल मंत्री को धन्यवाद दिया. साथ ही उन्होंने रेल मंत्री […]
विज्ञापन
पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमालपुर स्थित मेकैनिकल इंजीनियरिंग कॉलेज (आईआरआईएम ईई) को बंद नहीं करने का आग्रह किया और कहा कि रेलवे वहां रेल विश्वविद्यालय खोले.
मुख्यमंत्री ने पटना साहिब -पटना घाट रेललाइन की जमीन बिहार सरकार को देने की सहमति के लिए रेल मंत्री को धन्यवाद दिया. साथ ही उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया बिहटा एयरपोर्ट से पटना तक फोरलेन और एलिवेटेड सड़क का निर्माण भी होना है.
दानापुर जंक्शन के पश्चिम रेलवे कॉलोनी की 15 मीटर चौड़ाई में 1.6 किमी और उत्तर में 20 मीटर चौड़ाई में 350 मीटर जमीन सड़क निर्माण के लिए जरूरी है. रेलवे इसे उपलब्ध कराये और जो रेट तय होगा, बिहार सरकार उसे देने को तैयार है. नीतीश कुमार ने हाई स्पीड ट्रेन योजना की प्रशंसा की और कहा कि बुद्ध से जुड़ी जगहों का पीस सर्किट बनाने का निर्णय लिया है. इसके लिए सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाना चाहते हैं. रेलवे इसमें सहयोग करे.
सीएम ने कहा कि राज्य में 29 आरओबी का निर्माण पूरा हो चुका है, चार का निर्माण प्रगति पर है और 47 आरओबी के निर्माण के लिए राज्य सरकार 50% राशि सैंक्शन कर चुकी है. उन्होंने कहा कि राज्य के किसी कोने से पांच घंटे में पटना पहुंचने के लक्ष्य में रेलवे सहयोग करे. उन्होंने कहा कि इरकान से आरओबी का निर्माण हो रहा है.
रेल मंत्रालय, बिहार सरकार और इरकान के बीच एक एमओयू हो, जिससे निर्माण कार्य में समय की बचत होगी. उन्होंने नेऊरा से शेखपुरा रेलवेलाइन के निर्माण कार्य के संबंध में कहा कि यह एक उपयोगी रेलखंड है, जिस पर ज्यादातर मालगाड़ियों का परिचालन होगा. इस रेलखंड का आरओआर (रेट अॉफ रिटर्न) 14.50% है. उन्होंने कहा कि हाल ही में जापान जाने का मुझे मौका मिला. वहां मैंने देखा कि वहां की सघन आबादी के बीच 300 किमी हाई स्पीड ट्रेनें चल रही हैं.
जापान की तकनीक काफी बेहतर है. जापान के विशेषज्ञों की टीम को बिहार सरकार ने अपने खर्च पर बुलाने का आमंत्रण दिया है, रेल मंत्रालय भी इसमें सहयोग करेगा. मुख्यमंत्री ने अपने रेलमंत्रित्व काल को याद करते हुए कहा कि अरसा बाद रेलवे के किसी कार्यक्रम में रेल मंत्री के साथ शामिल होने का मौका मिला है.
जब मैं रेल मंत्री था, तो देश के कई जगहों में कार्यक्रम में शामिल होता था और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी इन कार्यक्रमों में सहर्ष शामिल होते थे. उस दौरान कैबिनेट से पारित कराने के बाद कई तरह की परेशानियां होती थीं, लेकिन अटल जी का ऐसा आशीर्वाद प्राप्त था कि रेल मंत्रालय का कोई भी प्रस्ताव कैबिनेट में नहीं अटकता था. देश की कई जगहों पर ऐसे कई महासेतु का निर्माण अपने रेल मंत्रित्वकाल में मैंने कराने की कोशिश की.
रेल मंत्री पीयूष गोयल के प्रति आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बिहार से संबंधित कई परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया है. रेल मंत्री ने बिहार से संबंधित कई योजनाओं के प्रति भी सकारात्मक रुख अपनाया है, बिहार में ऊर्जा क्षेत्र व अन्य क्षेत्रों में किये जा रहे कामों की प्रशंसा की है, यह उत्साहवर्द्धन करने वाली बात है.
ये भी मांगें कीं
जमानपुर में खुले रेल विश्वविद्यालय
रेलवे, बिहार सरकार व इरकान के बीच एमओयू हो, जिससे आरओबी के निर्माण में बचत हो
बुद्ध से जुड़ी जगहों के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेनें चलाने में रेलवे सहयोग करे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




