ePaper

एयर इंडिया के विमान से टकराया पक्षी, यात्रियों की अटक गयीं सांसें, सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग से बची 130 लोगों की जान

Updated at : 29 Jun 2018 6:48 AM (IST)
विज्ञापन
एयर इंडिया के विमान से टकराया पक्षी, यात्रियों की अटक गयीं सांसें, सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग से बची 130 लोगों की जान

पटना : गुरुवार को एयर इंडिया की फ्लाइट AI410 दुर्घटना की शिकार होते-होते बची. पटना से दिल्ली जा रहा यह विमान पक्षी से टकरा गया जिसके बाद विमान को पटना एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कर उतारना पड़ा. इस घटना में 124 यात्रियों और छह क्रू मेंबर सहित 130 लोगों की जान बाल-बाल बची. जानकारी के […]

विज्ञापन
पटना : गुरुवार को एयर इंडिया की फ्लाइट AI410 दुर्घटना की शिकार होते-होते बची. पटना से दिल्ली जा रहा यह विमान पक्षी से टकरा गया जिसके बाद विमान को पटना एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कर उतारना पड़ा. इस घटना में 124 यात्रियों और छह क्रू मेंबर सहित 130 लोगों की जान बाल-बाल बची.
जानकारी के अनुसार, दोपहर 1:30 बजे टेकऑफ के दौरान विमान जब रनवे छोड़ रहा था, उसी समय पायलट को विमान से किसी चीज के टकराने का एहसास हुआ. इससे पहले कि पायलट ठीक-ठीक कुछ समझ पाता, विमान फ्लाइंग प्वाइंट से 21 किमी की दूरी तक जा चुका था, लेकिन पायलट की सूझबूझ और एटीसी के साथ बेहतर समन्वय की बदौलत उड़ने के आधे घंटे बाद विमान को वापस पटना एयरपोर्ट पर उतार लिया गया.
लैंडिंग से पहले कुछ देर तक होल्ड पर रहा विमान
विमान के कैप्टन ने एटीसी को मामले की जानकारी देते हुए वापस लैंडिंग की अनुमति मांगी. आनन फानन में एटीसी ने फायर ब्रिगेड को सतर्क किया.इस दौरान पांच मिनट तक विमान को आकाश में चक्कर भी लगाना पड़ा. एटीसी लगातार विमान के साथ संपर्क में बनी हुई थी और उसने पायलट से प्रायोरिटी लैंडिंग के बारे में भी पूछा. दोपहर 2 बजे में विमान पटना एयरपोर्ट पर वापस उतरा और उसके यात्रियों को बाहर निकाला गया.
अटक गयीं यात्रियों की सांसें
विमान यात्रियों को जब आपात लैंडिंग की सूचना मिली तो वे घबड़ा गये. कई यात्रियों ने बताया कि जब उनको विमान में तकनीकी खराबी आने और उसके कारण वापस पटना लौटने की जानकारी मिली तो पहले तो उनकी सांस अटक गयी. बाद में क्रू मेंबर ने उन्हें ढांढ़स बंधाया. लेकिन पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद ही उन्हें पूरा चैन आया.
फ्लाइट कैंसिल, छूटे कई यात्रियों के कनेक्टिंग फ्लाइट
पटना एयरपोर्ट पर वापस उतरने के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट AI410 को कैंसिल कर दिया गया. पटना से दिल्ली जाने वाली अन्य फ्लाइट भरी हुई थी.लिहाजा अधिकतर यात्रियों को शुक्रवार या बाद के दो-तीन दिनों में रिशिडयूल किया गया. इसके कारण कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट भी छूट गयी. कुछ यात्रियों ने दो-तीन दिन बाद टिकट रिशिडयूल करवाने के बजाय टिकट की कीमत ही वापस ले ली.
खतरे में पड़ी लोगों की जान
पटना एयरपोर्ट पर पिछले 13 दिनों के भीतर यह तीसरी बर्ड हिट की घटना है. पहली दो घटनाएं विगत 16 जून को हुई थीं, जब स्पाइस जेट और इंडिगो एयरलाइंस के विमान पटना एयरपोर्ट पर उतरते समय बर्ड हिट के शिकार हुए थे.उन दोनों फ्लाइट में कुल 365 यात्री सवार थे और पिछले एक पखवाड़े में बर्ड हिट के कारण अब तक कुल 495 लोगों का जीवन खतरे में पड़ चुका है.
24 घंटे लगेगा मरम्मत में, देर से उड़े विमान
क्षतिग्रस्त विमान को दुरुस्त करने और उसकी तकनीकी खराबी दूर होने में कम से कम 24 घंटे का समय लगेगा. इसके पार्ट-पुर्जे गुरुवार की रात मंगवाये गये और देर रात मरम्मत का काम शुरू हुआ. शुक्रवार दोपहर से पहले यह ठीक नहीं हो पायेगा और शाम से पहले इसके दिल्ली वापस जाने की संभावना नहीं है.गुुरुवार को एक पार्किंग बे व्यस्त रहने के कारण एक दर्जन विमानों का परिचालन आधे से एक घंटे तक देर से हुआ. शुक्रवार को भी एयर इंडिया के विमान के वापस जाने तक पटना एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन बाधित रहने की आशंका है.
विमान के ढांचे में छेद करता अंदर तक घुस जाता पक्षी
एयरबस 320 और बोईंग 737 जैसे मंझोले विमानों का वजन फ्यूल सहित 70 से 75 टन होता है जबकि पक्षी का वजन केवल दाेे से पांच किलो के बीच होता है. इसके बावजूद तेज गति से उड़ने के कारण उसका संवेग बहुत बढ़ जाता है.ऐसे में टकराव से इतनी ऊर्जा पैदा होती है कि पक्षी का शरीर बंदूक के गोली की तरह विमान के ढांचे में छेद करता हूुआ उसके अंदर तक घुस जाता है. विमान के अलग-अलग भागों से पक्षी के टकराने पर उसका अलग-अलग असर होता है.इंजन से टकराने पर वह बंद हो जाती है जबकि कॉकपिट से टकराने पर उसका कांच टूट जाता है. विमान के अग्रभाग(थूथने) से टकराने पर उसका संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है. ऐसे में बर्ड हिट बड़ी दुर्घटना की वजह बन सकती है.
पक्षी भगाने के कई प्रबंध पर नहीं दिख रहा असर
पटना एयरपोर्ट पर रनवे के आसपास पक्षियों की विशेष रूप से निगरानी की जाती है और उसे भगाने के भी कई प्रबंध किये गये हैं. इनमें बर्ड स्केरर, विशेष प्रकार के गन और पटाखों का इस्तेमाल शामिल हैं.इसके लिए विशेष रूप से टेंडर जारी किये जाते हैं और हर महीने कई लाख रुपये खर्च किये जाते हैं. फिर भी एक पखवाड़े में तीन तीन बर्ड हिट हो गये. विमान में आयी तकनीकी खराबी की जानकारी क्रू टीम को लगभग एक हजार फीट की ऊंचाई पर हुई, जब विमान के ऊपर चढ़ने की गति बहुत धीमी हो गयी थी. रफ्तार में अप्रत्याशित कमी से पायलट समझ चुका था कि सब कुछ सामान्य नहीं है. आशंका थी कि कोई छोटा या बड़ा पक्षी विमान के एक इंजन से टकरा गया है.इससे उसका एक इंजन सीज कर चुका है और बचे एक इंजन से ही विमान चल रहा है. अब पायलट ने विमान में सवार 130 लोगों के जान को खतरे में डालने के बजाय उसे वापस पटना एयरपोर्ट की ओर ले जाने का निर्णय किया, हालांकि तब तक विमान तीन हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन