Patna Zoo : पटना जू में पेड़ों की ऊंचाई पर बनेगा अनोखा पाथवे, मोबाइल ऐप से मिलेगी जानवरों की जानकारी

AI जनरेटेड इमेज प्रतीकात्मक तस्वीर
Patna Zoo : अब पटना जू सिर्फ जानवर देखने की जगह नहीं रहेगा. यहां आप पेड़ों की ऊंचाई से जंगल का नजारा देखेंगे, मोबाइल ऐप से जानवरों की कहानी सुनेंगे और हर कदम पर मिलेगा टेक्नोलॉजी का साथ.
Patna Zoo: पटना का संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) जल्द ही आधुनिक, पर्यटक-अनुकूल और तकनीक-समृद्ध रूप में नजर आएगा. वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने जू के कायाकल्प के लिए कई बड़े फैसलों की घोषणा की है. इनमें सबसे खास है ट्री टॉप वॉकवे एक ऐसा पैदल पथ, जो पेड़ों की ऊंचाई पर बनेगा और पर्यटकों को प्रकृति को नए नजरिये से देखने का अनुभव देगा.
विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने जू में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन योजनाओं की जानकारी दी.

पेड़ों की ऊंचाई पर बनेगा ट्री टॉप वॉकवे
पटना जू में शुरू होने वाला ट्री टॉप वॉकवे, जिसे कैनोपी वॉक भी कहा जाता है, जू का प्रमुख आकर्षण होगा. यह ऊंचा पैदल मार्ग पेड़ों की ऊपरी शाखाओं के समानांतर बनाया जाएगा. इससे पर्यटक जमीन से कई फुट ऊपर चलकर हरियाली, पक्षियों और पूरे जू को एक नए कोण से देख सकेंगे. बिहार में इस तरह का प्रयोग पहली बार होगा.
मोबाइल ऐप बताएगा जानवरों और पौधों की कहानी
जू का अपना अत्याधुनिक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा. खास बात यह है कि जैसे ही कोई पर्यटक किसी जानवर के केज के पास पहुंचेगा, ऐप अपने आप उस जानवर से जुड़ी जानकारी दिखाने लगेगा. इसमें जानवरों की प्रजाति, आदतें और संरक्षण से जुड़ी बातें शामिल होंगी. पौधों की जानकारी भी इसी ऐप के जरिए मिलेगी.
15 दिनों में ऑनलाइन टिकट, फरवरी से गाइडेड टूर
पर्यटकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था 15 दिनों के भीतर शुरू हो जाएगी. इसके साथ ही फरवरी महीने से गाइडेड टूर की शुरुआत होगी, जिससे लोग जू को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे. सुरक्षा के लिहाज से जू परिसर में 150 नए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे.
सोविनियर शॉप, नर्सरी और फूड कियोस्क
जू में घूमने आए लोग अब यादगार के तौर पर कुछ खरीद भी सकेंगे. यहां सोविनियर शॉप बनाई जाएगी. साथ ही एक नर्सरी शॉप भी खुलेगी, जहां किफायती दरों पर पौधे मिलेंगे. पर्यटकों के लिए जू परिसर में आधुनिक फूड कियोस्क विकसित किए जाएंगे.
शिक्षा, सफाई और पर्यावरण पर भी फोकस
जू में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वार्षिक गतिविधि कैलेंडर और मासिक न्यूजलेटर जारी होगा. बैठने के लिए डोम और शेड्स बनेंगे, दीवारों पर 3डी पेंटिंग होगी. सफाई में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टरों को प्रदूषण रहित वाहनों से बदला जाएगा .जू वोलेंटियर और ‘जू मित्र’ कार्यक्रम भी शुरू होंगे.
अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने बताया कि आम लोगों से जू को लेकर सुझाव मांगे गए थे, जिन पर सैकड़ों प्रतिक्रियाएं मिलीं. कई फैसले इन्हीं सुझावों के आधार पर लिए गए हैं.
Also Read: Patna News: पटना में लापरवाही पड़ेगी भारी, सड़क पर मलबा फेंका तो कटेगा इतने रुपये का चालान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




