बिहार में चोरी हुआ रेलवे ब्रिज दो महीने बाद बरामद, तालाब में छिपाकर रखा था, पुलिस ने तीन को दबोचा

Published by :Abhinandan Pandey
Published at :11 Mar 2026 7:15 PM (IST)
विज्ञापन
rohtas railway bridge news

पुलिस के गिरफ्त में तीनों आरोपी

Bihar News: रोहतास के कर्मनाशा स्टेशन से करीब दो महीने पहले चोरी हुआ रेलवे का ब्रिज बरामद कर लिया गया है. आरपीएफ और खुफिया टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है. चोरी के बाद ब्रिज को तालाब में छिपाकर रखा गया था.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार के रोहतास जिले में आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है. करीब दो महीने पहले कर्मनाशा स्टेशन से चोरी हुआ रेलवे का लोहे का ब्रिज बरामद कर लिया गया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा.

आरपीएफ सासाराम, भभुआ और केंद्रीय खुफिया शाखा डीडीयू की टीम ने मिलकर यह कार्रवाई की. टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी किया गया लोहे का ब्रिज कर्मनाशा स्टेशन के पास एक तालाब में छिपाकर रखा गया है.

लाखों का ब्रिज हुआ था चोरी

जानकारी के मुताबिक, रेलवे की सीमेंट स्लीपर बदलने वाली मशीन की रेक से करीब तीन लाख रुपये से अधिक कीमत का लोहे का ब्रिज चोरी हो गया था. इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सासाराम में मामला दर्ज किया गया था. तब से इस मामले की जांच की जा रही थी और चोरी में शामिल लोगों की तलाश चल रही थी.

गुप्त सूचना पर रात में हुई घेराबंदी

आरपीएफ और खुफिया टीम को सूचना मिली कि चोरी का ब्रिज तालाब में छिपाकर रखा गया है और कुछ लोग उसे निकालने की तैयारी कर रहे हैं. इसके बाद टीम ने 10 और 11 मार्च की रात कर्मनाशा स्टेशन के उत्तर दिशा में स्थित नरमा गांव के पास घेराबंदी की. रात करीब 12:30 बजे तीन संदिग्ध लोग तालाब से भारी लोहे का ब्रिज निकालकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया.

तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शशिकांत कुमार उर्फ खब्बी (26) और छोटू पासवान (30) निवासी नरमा, थाना दुर्गावती तथा उज्जवल कुमार (19) निवासी घटाव, थाना कुदरा, जिला कैमूर के रूप में हुई है. पूछताछ में तीनों आरोपियों ने कबूल किया कि करीब डेढ़ से दो महीने पहले उन्होंने रेलवे रेक से यह ब्रिज चोरी किया था. चोरी के बाद उन्होंने इसे तालाब में छिपा दिया था ताकि किसी को शक न हो.

बरामद हुआ ब्रिज, आगे की कार्रवाई जारी

आरपीएफ की टीम ने तालाब से लोहे का ब्रिज बरामद कर लिया है. बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा.

Also Read: मनीष रंजन को नहीं मिली जमानत, NEET छात्रा मौत मामले में कोर्ट ने फिर CBI को लगाई फटकार

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन