जंक्शन से एयरपोर्ट तक बदलेगा पटना, हरियाली, लाइटिंग और फाउंटेन से चमकेगी राजधानी

Updated at : 30 Mar 2026 9:17 AM (IST)
विज्ञापन
Patna News

पटना जंक्शन

Patna News: बिहार की राजधानी पटना अब नए रूप में नजर आने वाली है. चाहे आप पटना जंक्शन से शहर में दाखिल हों या एयरपोर्ट से बाहर निकलें. हर रास्ते पर हरियाली, जगमग लाइटिंग और आधुनिक सुविधाओं से सजा ‘चकाचक पटना’ आपका स्वागत करेगा. नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की संयुक्त योजना के तहत शहर की छवि बदलने के लिए बड़े पैमाने पर सुंदरीकरण और विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे.

विज्ञापन

Patna News: बिहार की राजधानी पटना अब अपनी पुरानी पहचान छोड़कर एक ‘ग्लोबल सिटी’ के रूप में सजने जा रही है. बिहार सरकार और नगर निगम ने एक ऐसा मास्टर प्लान तैयार किया है, जिससे पटना जंक्शन से लेकर एयरपोर्ट तक का रास्ता न सिर्फ अतिक्रमण मुक्त होगा, बल्कि रात के वक्त दूधिया रोशनी और फाउंटेन की फुहारों से जगमगाएगा.

बजट में इसके लिए करोड़ों की राशि आवंटित कर दी गई है, जो शहर की सूरत और सीरत दोनों बदल देगी.

जंक्शन से निकलते ही बदलेगा पहला नजारा

पटना जंक्शन से बाहर निकलते ही जो पहली तस्वीर जेहन में आती है, वह है बेतरतीब दुकानें और भीड़भाड़. अब यह बदलने वाला है. जीपीओ से लेकर स्टेशन गोलंबर तक के पूरे इलाके को ‘मल्टी मॉडल हब’ के तौर पर विकसित किया जा रहा है.

न्यू मार्केट का कायाकल्प कर वहां एक बहुमंजिला इमारत बनाई जाएगी, जिसमें व्यवस्थित दुकानों के साथ-साथ एक शानदार रेस्तरां और छोटा पार्क भी होगा. जंक्शन के ठीक सामने बन रहा तिकोना पार्क सैलानियों के लिए पहला ‘सेल्फी पॉइंट’ बनेगा, जिससे स्टेशन से बाहर निकलते ही आपको एक व्यवस्थित और सुंदर शहर का अहसास होगा.

फाउंटेन सिटी बनने की ओर बढ़ता पटना

मेयर सीता साहू के विजन के अनुसार, पटना को ‘फाउंटेन सिटी’ के रूप में पहचान दिलाई जाएगी. शहर के प्रमुख गोलंबरों पर दर्जनों नए फाउंटेन (फव्वारे) लगाए जा रहे हैं. खास बात यह है कि करीब 25 करोड़ रुपये सिर्फ स्ट्रीट लाइटों और उनके ऑटोमेशन पर खर्च होंगे, जिससे सूर्यास्त के बाद पूरी राजधानी रोशनी से नहाई हुई दिखेगी.

गंगा घाटों से लेकर शहर के भीतरी इलाकों तक हरियाली बढ़ाने के लिए विशेष ग्रीन प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है. सरकार की कोशिश है कि आम नागरिक भी इस मुहिम से जुड़ें और पटना को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.

हरियाली, लाइटिंग और तालाबों पर खास फोकस

इस पूरे मास्टर प्लान में हरियाली बढ़ाने, तालाबों के पुनर्विकास और आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग पर खास ध्यान दिया गया है. शहर में ऑटोमेशन और स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम लागू किए जाएंगे, जिससे रात में पटना और भी जगमग नजर आएगा.

Also Read: मुंबई में 35 मंजिला बनेगा बिहार भवन, 314.20 करोड़ रुपये की लागत से इस साल शुरू होगा निर्माण

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन