पटना में गैस संकट से राहत, अब अपार्टमेंट में ही मिलेगा PNG कनेक्शन- सिर्फ 500 रुपये में ऑन-द-स्पॉट सुविधा

सांकेतिक तस्वीर
Patna News: पटना में बढ़ते गैस संकट के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है. डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर GAIL के साथ मिलकर अपार्टमेंट्स में पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं. इन कैंपों में उपभोक्ताओं को ऑन-द-स्पॉट कनेक्शन मिलेगा, जिससे एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी.
Patna News: पटना में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और बुकिंग की झंझट से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. जिला प्रशासन और GAIL (गैल) ने मिलकर शहर के विभिन्न अपार्टमेंट्स में विशेष PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कैंप लगाने का निर्णय लिया है.
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान के तहत अब उपभोक्ताओं को उनके घर के दरवाजे पर ही तुरंत कनेक्शन की सुविधा मिलेगी.
अपार्टमेंट में ही लगेगा कैंप, तुरंत मिलेगा कनेक्शन
प्रशासन के अनुसार शुक्रवार से यह अभियान शुरू हो रहा है, जिसमें पहले दिन पांच अपार्टमेंट्स में शिविर लगाए जाएंगे.
इसके बाद शनिवार को 10 और अपार्टमेंट्स में कैंप आयोजित होंगे. इन शिविरों की खास बात यह है कि आवेदन से लेकर कनेक्शन तक की पूरी प्रक्रिया मौके पर ही पूरी कर दी जाएगी.
एडीएम आपूर्ति आर.के. दिवाकर ने बताया कि उपभोक्ताओं को सिर्फ 500 रुपये शुल्क जमा करना होगा. आवेदन मोबाइल नंबर के जरिए किया जाएगा और इसके लिए आधार कार्ड व एड्रेस प्रूफ देना जरूरी होगा. प्रक्रिया पूरी होते ही मीटर इंस्टॉल कर रसोई तक पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा.
21 हजार घर अब भी PNG से दूर
GAIL के अधिकारियों के मुताबिक, जिन इलाकों में PNG सुविधा पहले से उपलब्ध है, वहां करीब 21 हजार घरों ने अब तक कनेक्शन नहीं लिया है. ऐसे में हर महीने करीब 3000 नए कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है. हाल के दिनों में PNG कनेक्शन की संख्या तेजी से बढ़ी है और दो दिनों में ही 464 लोगों ने LPG से PNG की ओर रुख किया है.
इन इलाकों में मिल रही सुविधा
पटना के सगुना मोड़, गोला रोड, आरके पुरम, आशियाना-दीघा रोड, बोरिंग रोड, किदवईपुरी, राजवंशीनगर, शास्त्रीनगर और एजी कॉलोनी समेत कई इलाकों में PNG सुविधा उपलब्ध है. इसके अलावा गर्दनीबाग, अनीसाबाद और बेउर मोड़ से मीठापुर तक इस नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है.
PNG कनेक्शन से न सिर्फ गैस की निर्बाध आपूर्ति मिलती है, बल्कि लीकेज का खतरा कम होता है और यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प है. सबसे बड़ी बात, इससे सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी की परेशानी पूरी तरह खत्म हो जाती है.
Also Read: बिहार में रिकॉर्ड तोड़ बिजली की खपत, गर्मी के साथ रसोई गैस संकट ने बिगाड़ा खेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




