ePaper

नवादा: पंचायत सचिव सरेआम कर रहा घुसखोरी, मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने के लिए मांगी 10 हजार की रिश्वत

Updated at : 13 Dec 2025 9:02 PM (IST)
विज्ञापन
Symbolic photo

Symbolic photo

नवादा जिले के लेंगुरा गांव में पंचायत सचिव पर एक गरीब परिवार से मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में 10,000 रुपये की मोटी रकम मांगने का गंभीर आरोप लगा है. शिकायतकर्ता ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

नवादा जिले के लेंगुरा गांव में पंचायत सचिव पर एक गरीब परिवार से मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में 10,000 रुपये की मोटी रकम मांगने का गंभीर आरोप लगा है. गांव निवासी मो. शमशेर आलम ने इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी और जिला पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है और पंचायत सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

तीन महीने पहले दिया आवेदन अब तक नहीं हुई कार्रवाई 

शिकायतकर्ता मो शमशेर आलम, जो कलीमउद्दीन के बेटे हैं, उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उनके पिता का निधन 09 मार्च 2025 को उनके निजी आवास पर हो गया था. इसके बाद उन्होंने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मुखिया, वार्ड सदस्य, चौकीदार और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत चार गवाहों के हस्ताक्षर और मुहर के साथ अनुमंडल कार्यालय में एफिडेविट जमा करवाकर मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था. आलम का आरोप है कि आवेदन जमा किए हुए तीन महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन लेंगुरा के पंचायत सचिव दीपू कुमार गुप्ता प्रमाणपत्र जारी नहीं कर रहे हैं.

पैसे ना देने से प्रमाणपत्र नहीं दे रहा सचिव: शिकायतकर्ता 

शमशेर आलम ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि पंचायत सचिव यह कहकर प्रमाण पत्र रोक रहे हैं कि मृतक का देहांत लेंगुरा में नहीं हुआ है, जबकि यह दावा बिल्कुल झूठ है, जिसकी जांच आसानी से की जा सकती है. आलम का कहना है कि प्रमाणपत्र नहीं देने का असली कारण केवल पैसा नहीं देना है, जिसके कारण पंचायत सचिव उन्हें बार-बार परेशान कर रहे हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पंचायत सचिव नहीं उठा रहे फोन

इस संबंस में पंचायत सचिव दीपू कुमार गुप्ता का पक्ष जानने के लिए प्रभात खबर की टीम की तरफ से कई बार प्रयास किया गया, लेकिन पंचायत सचिव ने फोन रिसीव करना उचित नहीं समझा. हालांकि, इस संबंध में एसडीएम रजौली स्वतंत्र कुमार सुमन ने बताया कि पीड़ित पक्ष के द्वारा आवेदन दिया गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच करायी जायेगी और दोषी पाये जाने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार में गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी, मशीनों की खरीद पर नीतीश सरकार देगी 70 प्रतिशत सब्सिडी 

विज्ञापन
Prashant Tiwari

लेखक के बारे में

By Prashant Tiwari

प्रशांत तिवारी डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी से करके राजस्थान पत्रिका होते हुए फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल के बिहार टीम तक पहुंचे हैं, देश और राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं. साथ ही अभी पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने में जुटे हुए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन