बिहार विधानसभा मानसून सत्र: दूसरे दिन क्या-क्या हुआ? पंचायत टैक्स पर हंगामा, 1 लाख शिक्षकों की भर्ती का ऐलान...
स्पीकर प्रेम कुमार की तस्वीर, सर्कल में सीएम सम्राट
Bihar Assembly Monsoon Session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में दूसरे दिन शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. शिक्षकों की भर्ती, पंचायत टैक्स और स्कूलों के विकास को लेकर सरकार ने अहम घोषणाएं कीं. जानें सत्र के मुख्य फैसले.
Bihar Assembly Monsoon Session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शिक्षा, पंचायत टैक्स और सरकारी स्कूलों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. सदन में विपक्ष ने पंचायतों में टैक्स वसूली को लेकर सरकार को घेरा, जबकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षकों की बहाली और स्कूलों के विकास को लेकर कई ऐलान किए.
आपके शहर में
एक महीने में आवासीय स्कूलों में होंगे शिक्षक
जदयू विधायक श्याम रजक ने डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि कई स्कूलों में करीब 62 फीसदी शिक्षक नहीं हैं.
इस पर एससी-एसटी कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने बताया कि TRE-4 के तहत शिक्षक भर्ती के लिए बीपीएससी को अधियाचना भेजी जा चुकी है. इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद खड़े हुए और कहा कि यह गंभीर मामला है. उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि एक महीने के भीतर आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
5 साल में एक लाख शिक्षकों की होगी भर्ती
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सदन में ऐलान करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि TRE-4 भर्ती का प्रस्ताव जुलाई के अंतिम सप्ताह में बीपीएससी को भेज दिया जाएगा.
जमीन नहीं, तो सरकार देगी जमीन
प्रश्नकाल के दौरान कई स्कूलों के पास अपनी जमीन नहीं होने का मुद्दा भी उठा. इस पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले छह महीने के भीतर जिन सरकारी स्कूलों के पास जमीन नहीं है, उन्हें जमीन उपलब्ध कराई जाएगी.
पंचायत टैक्स पर विपक्ष का हंगामा
पंचायतों में टैक्स वसूली के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरा. माले विधायकों ने कहा कि इससे गरीबों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा. विपक्ष ने कार्य स्थगन प्रस्ताव भी लाया, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया. इसके बाद विपक्षी विधायक वेल में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे.
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जब संबंधित विधेयक सदन में आएगा, तब उस पर विस्तार से चर्चा होगी. उन्होंने विपक्ष से कहा कि यदि किसी प्रावधान पर आपत्ति है तो संशोधन प्रस्ताव लाया जाए.
विधान परिषद में भी गरमाया माहौल
विधान परिषद में नशे और टैक्स का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठा. राजद एमएलसी सुनील सिंह ने राज्य में गांजा और चरस की बढ़ती उपलब्धता का मुद्दा उठाया. उनके बयान पर भाजपा सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया, जिससे सदन का माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया.
दूसरे दिन के प्रमुख फैसले और घोषणाएं
- एक महीने के भीतर आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति का आश्वासन.
- अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की भर्ती का लक्ष्य.
- TRE-4 भर्ती का प्रस्ताव जुलाई के अंतिम सप्ताह में बीपीएससी को भेजा जाएगा.
- जिन स्कूलों के पास जमीन नहीं है, उन्हें अगले 6 महीने में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी.
- गोपालगंज, मधुबनी समेत तीन स्थानों पर नई चीनी मिलें स्थापित करने की तैयारी.
- स्कूल में अनुशासनहीनता या अनुचित पहनावे के मामलों में 48 घंटे के भीतर कार्रवाई का निर्देश.
- विधान परिषद में समस्तीपुर छात्रा हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया गया.
मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में शिक्षा, ग्रामीण विकास और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले और घोषणाएं देखने को मिलीं. आने वाले दिनों में इन फैसलों को लागू करने की प्रक्रिया पर भी नजर रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए