चिराग पासवान होंगे बिहार के CM? राजू तिवारी के बयान से बिहार की सियासत में हलचल
चिराग पासवान का फाइल फोटो
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय महासचिव राजू तिवारी ने चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही है. इस बयान के बाद बिहार की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है. जानें इसके राजनीतिक मायने.
Chirag Paswan Will Become CM : पटना में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय महासचिव और गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और बिहार से जुड़े नये राष्ट्रीय पदाधिकारियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजू तिवारी ने चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही. उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में चर्चा तेज हो गयी है.
आपके शहर में
मंच से लिया चिराग को सीएम बनाने का संकल्प
कार्यक्रम में राजू तिवारी ने कहा कि पार्टी अपने नेता चिराग पासवान के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ता अपनी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लेते हैं और चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का जो संकल्प पहले से लिया गया है, उसे पूरा किया जायेगा. राजू तिवारी के इसी बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
'अपनी पार्टी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे'
राजू तिवारी के बयान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा यह रहा कि उन्होंने अगला विधानसभा चुनाव अपनी पार्टी के नेतृत्व में लड़ने और अपनी पार्टी की सरकार बनाने की बात कही. चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की बात के साथ इस बयान ने बिहार की मौजूदा गठबंधन राजनीति को लेकर नयी राजनीतिक चर्चा को जन्म दे दिया है.
कुछ दिन पहले बदली थी पार्टी की कमान
दरअसल, लोजपा (रामविलास) ने अगस्त के अंतिम सप्ताह में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया था. इसमें राजू तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गयी, जबकि सुरेंद्र विवेक को बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया. इसके बाद शुक्रवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में नये प्रदेश अध्यक्ष और बिहार से जुड़े राष्ट्रीय पदाधिकारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया.
एनडीए में चिराग की भूमिका पर फिर चर्चा
लोजपा (रामविलास) फिलहाल एनडीए का हिस्सा है. ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता की ओर से चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की बात सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसके मायने तलाशे जा रहे हैं. खासकर तब, जब बयान में केवल चिराग को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा ही नहीं, बल्कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया है.
हालांकि, राजू तिवारी के बयान को पार्टी की आधिकारिक मुख्यमंत्री पद की घोषणा के तौर पर देखना जल्दबाजी होगी. यह फिलहाल पार्टी के एक वरिष्ठ नेता की ओर से व्यक्त राजनीतिक संकल्प और इच्छा है. इस बयान पर एनडीए के अन्य घटक दलों की प्रतिक्रिया आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए