बिहार में सीटों को लेकर आम राय नहीं बनने पर जदयू को कांग्रेस की दो टूक- बनकर रहेगा, लेकिन थमकर बनेगा

Updated at : 09 Jan 2024 5:51 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार में सीटों को लेकर आम राय नहीं बनने पर जदयू को कांग्रेस की दो टूक- बनकर रहेगा, लेकिन थमकर बनेगा

जेडीयू नेताओं ने सीट शेयरिंग नहीं होने का दोष कांग्रेस पर मढ़ा है. जदयू के इन बयानों पर मंगलवार को कांग्रेस की ओर से जवाब आया है. कांग्रेस ने कहा है-सीटों के बंटवारे की कोई हड़बड़ी नहीं है, जब समय आयेगा तो सीट शेयरिंग हो जायेगी. समझौते पर आम राय बनकर रहेगा, लेकिन थमकर बनेगा.

विज्ञापन

पटना. I.N.D.I.A. के घटक दलों के बीच बिहार में सीटों के समझौते पर आम राय नहीं बनने को लेकर पिछले दो दिनों में जेडीयू के तीन प्रमुख नेताओं ने मीडिया के सामने बयान दिया है. जदयू नेताओं ने एक सुर में कहा है कि गठबंधन में जल्द से जल्द सीटों का बंटवारा कर लिया जाना चाहिये. जेडीयू नेताओं ने सीट शेयरिंग नहीं होने का दोष कांग्रेस पर मढ़ा है. जदयू के इन बयानों पर मंगलवार को कांग्रेस की ओर से जवाब आया है. कांग्रेस ने कहा है-सीटों के बंटवारे की कोई हड़बड़ी नहीं है, जब समय आयेगा तो सीट शेयरिंग हो जायेगी. समझौते पर आम राय बनकर रहेगा, लेकिन थमकर बनेगा.

केसी त्यागी ने कांग्रेस पर लगाया था आरोप

इस मसले पर सबसे पहले जेडीयू नेता केसी त्यागी ने सोमवार को मीडिया में आकर कहा कि कांग्रेस सीट शेयरिंग नहीं कर रही है. त्यागी ने कहा कि इससे जेडीयू चिंतित है. उसके बाद बिहार सरकार के मंत्री विजेंद्र यादव मीडिया के सामने आये और कहा कि जल्द से जल्द सीट शेयरिंग हो जाना चाहिये. मंगलवार को बिहार के एक और मंत्री और नीतीश के सबसे करीबी माने जाने वाले नेता विजय चौधरी ने कहा कि सीट शेयरिंग नहीं होने से परेशानी हो रही है. जल्द से जल्द ये काम पूरा हो जाना चाहिये.

कांग्रेस को कोई हड़बड़ी नहीं

अब कांग्रेस ने जेडीयू नेताओं की हड़बड़ी पर जवाब दिया है. बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने आज पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कोई हड़बड़ी नहीं है, कभी भी सीट बंटवारा हो जाएगा. अखिलेश सिंह ने कहा कि कोई चुनाव थोड़े ही डिक्लेयर कर दिया गया है कि सीटों का बंटवारा तुरंत कर लेना है. अभी तो किसी भी पार्टी का सीट नहीं बंटा है. बीजेपी का भी अपने सहयोगियों के साथ सीट बंटवारा नहीं हुआ है. अखिलेश सिंह ने कहा कि सीटों के समझौते पर आम राय बनकर रहेगा, लेकिन थमकर बनेगा.

Also Read: Bihar Politics: इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग पर मकर संक्रांति के बाद होगी घोषणा, कांग्रेस का इन सीटों पर दावा

लगातार चल रही है बातचीत

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर किसी तरह की कोई जल्दबाजी नहीं है. कभी भी सीट शेयरिंग हो जाएगी. अभी तो लोकसभा चुनाव की तारीख का एलान भी नहीं हुआ है. जेडीयू की जल्द सीट शेयरिंग करने की मांग पर अखिलेश सिंह ने कहा कि पता नहीं वो जेडीयू के नेता कहां सवाल पूछ रहे हैं, किससे सवाल पूछ रहे हैं. जिसको समझ है, वो ऐसे सवाल नहीं करेगा. क्योंकि कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू कर दी है और लगातार बातचीत चल रही है.

केसी त्यागी गठबंधन पर बात करने को नॉमिनेट नहीं

16 सीट से कम पर बात नहीं करने के जेडीयू नेता केसी त्यागी की घोषणा पर अखिलेश सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कहा कि वे केसी त्यागी की बात पर क्या प्रतिक्रिया दें. बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सीटों के बंटवारे के लिए जेडीयू की ओर से नेता नॉमिनेट किए गए हैं. उन नेताओं में केसी त्यागी हैं ही नहीं. उसमें विजय चौधरी हैं. अगर विजय चौधरी कुछ बात करें, तो समझ आता है. हमारे लिए विजय चौधरी की बात ज्यादा महत्वपूर्ण है. केसी त्यागी की बातों पर प्रतिक्रिया देने का कोई मतलब नहीं है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन