नवादा में 60 वर्षीय टुनटुन यादव की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद में बेटे पर शक, तलाश में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन

पोस्टमार्टम के लिए शव को लेकर अस्पताल पहुंचे लोग

Nawada News : नवादा के खालसा गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी वारदात के बाद से फरार है, पुलिस तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Nawada News : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खालसा गांव में 60 वर्षीय टुनटुन यादव की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने पारिवारिक और जमीन विवाद को घटना की मुख्य वजह बताया है. सदर एसडीपीओ-2 सुरेश प्रसाद ने बुधवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 12 अगस्त को खालसा गांव में टुनटुन यादव की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.

जमीन के बंटवारे को लेकर पिता-पुत्र में चल रहा था विवाद

एसडीपीओ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक टुनटुन यादव के दो पुत्र हैं. उन्होंने अपनी जमीन का तीन हिस्सों में बंटवारा किया था. इसमें एक हिस्सा अपने पास रखा था, जबकि बाकी दो हिस्से दोनों पुत्रों के बीच बांट दिए थे. मृतक अपने हिस्से की जमीन के साथ एक अलग कमरे में रहते थे. पुलिस के अनुसार, मृतक का छोटा पुत्र बाहर रहकर काम करता है, जबकि बड़ा पुत्र उपेंद्र यादव अपने ससुराल में रहता था. उपेंद्र यादव अपने पिता पर उनके हिस्से की जमीन बेचकर रुपये देने का दबाव बना रहा था. इसी जमीन को लेकर पिता-पुत्र के बीच पहले भी विवाद होने की बात सामने आयी है.

सिर में गोली मारकर की गयी हत्या, आरोपी पुत्र फरार

पुलिस को आशंका है कि पिता द्वारा अपने हिस्से की जमीन बेचने या देने से इनकार करने के कारण बड़े पुत्र ने मौका पाकर उनकी हत्या कर दी. बताया गया कि घटना सोमवार की रात हुई. टुनटुन यादव की सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आयी है. वारदात के बाद आरोपी पुत्र फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाने के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की.

Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य

सदर एसडीपीओ-2 सुरेश प्रसाद ने बताया कि घटनास्थल का एफएसएल टीम से निरीक्षण कराया गया है. टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाये हैं. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. नामजद और संदिग्ध अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, प्रथमदृष्टया जमीन के बंटवारे और मृतक के हिस्से की जमीन को लेकर चल रहे विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है. हालांकि, घटना की पूरी वजह, हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य बिंदुओं की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

पिता ने अपने लिए भी रखा था जमीन का हिस्सा

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आयी है कि टुनटुन यादव ने अपनी जमीन का तीन हिस्सों में बंटवारा किया था और एक हिस्सा अपने जीवन-यापन के लिए अपने पास रखा था. आशंका है कि इसी हिस्से को लेकर बड़े बेटे का अपने पिता से विवाद चल रहा था. पुलिस अब इसी बिंदु को केंद्र में रखकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

हत्या के बाद गांव में मातम, आरोपी की तलाश जारी

घटना के बाद खालसा गांव में मातम के साथ तनाव का माहौल है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों की तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन