नवादा काम करने निकला 21 वर्षीय युवक लापता, परिजनों ने अपहरण की जतायी आशंका
सन्नी कुमार का फाइल फोटो
Nawada News : नवादा के रजौली से काम पर निकला 21 वर्षीय सन्नी कुमार सिन्हा रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है. परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Nawada News : जिले के रजौली बाईपास चौक से नवादा काम करने के लिए निकला 21 वर्षीय युवक सन्नी कुमार सिन्हा लापता हो गया है. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने रजौली थाने में आवेदन देकर पुलिस से युवक की तलाश कराने की गुहार लगायी है. परिजनों ने युवक के अपहरण की आशंका भी जतायी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मां के साथ किराये के मकान में रहता था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, सन्नी कुमार सिन्हा, पिता अतिश कुमार सिन्हा, वर्तमान में रजौली बाईपास चौक स्थित प्रमोद कुमार के मकान में अपनी मां के साथ किराये पर रहता है. वह नवादा स्थित लालिमा साइबर लिंक कार्यालय में काम करता था.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
10 अगस्त को काम के लिए निकला, कार्यालय नहीं पहुंचा
परिजनों के अनुसार, 10 अगस्त 2026 की सुबह सन्नी कुमार सिन्हा घर से नवादा स्थित लालिमा साइबर लिंक कार्यालय में काम करने के लिए जाने की बात कहकर निकला था. इसके बाद वह कार्यालय नहीं पहुंचा. जब परिजनों ने उसके मोबाइल नंबर पर फोन किया तो मोबाइल बंद मिला. शाम करीब सात बजे तक जब सन्नी कार्यालय नहीं पहुंचा तो परिजनों ने वहां संपर्क कर जानकारी ली. इसके बाद परिवार के सदस्यों और परिचितों ने उसकी काफी खोजबीन की. उसके संभावित ठिकानों पर भी पता लगाया गया, लेकिन सन्नी का कोई सुराग नहीं मिला.
मां ने थाने में दिया आवेदन
सन्नी की मां ने रजौली थाने में दिए आवेदन में बताया है कि घर से निकलने के बाद उनका बेटे से कोई संपर्क नहीं हुआ है. काफी तलाश के बावजूद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है. इसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सन्नी कुमार सिन्हा की तलाश कराने की मांग की है.
अपहरण की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने सन्नी के अपहरण की आशंका जतायी है. वहीं, आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस युवक के मोबाइल नंबर, उसके आने-जाने के संभावित रास्तों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल युवक के लापता होने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आयी है.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










