नवादा में 1800 नव नियुक्त पदाधिकारियों को डीएम ने पढ़ाया सुशासन का पाठ, सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की हिदायत
कार्यक्रम में मौजूद महामहिम व डीएम रवि प्रकाश
फ़ोटोकैप्शन-कार्यक्रम में मौजूद महामहिम व डीएम रवि प्रकाश
Nawada DM : नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश गया के बोधगया स्थित महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित फाउंडेशन एजुकेशन ट्रेनिंग प्रोग्राम के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए. बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान, गया की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही. कार्यक्रम में बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा से चयनित 29 सेवाओं के करीब 1800 नव नियुक्त पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया.
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डीएम रवि प्रकाश ने नव नियुक्त अधिकारियों के लिए आयोजित ओरिएंटेशन सेशन में प्रशासनिक जिम्मेदारियों, सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने अधिकारियों को उनके पद और सेवा से जुड़ी जिम्मेदारियों को समझने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और उनका समाधान करने की जरूरत बताई.
हर सेवा की भूमिका अलग
ओरिएंटेशन सेशन के दौरान डीएम रवि प्रकाश ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में शामिल हर सेवा की अपनी अलग भूमिका और जिम्मेदारी है. अलग-अलग विभागों और सेवाओं के कार्यक्षेत्र भले ही अलग हों, लेकिन सभी का अंतिम उद्देश्य प्रभावी प्रशासन स्थापित करना और आम लोगों के हितों की रक्षा करना है.
उन्होंने प्रशिक्षुओं को विभिन्न सेवाओं की प्रमुख योजनाओं, उनके उद्देश्यों, कार्यक्षेत्र और काम के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी दी. डीएम ने सरकार की प्रमुख नीतियों और कार्यक्रमों पर भी चर्चा की. इस दौरान विशेष रूप से सात निश्चय-3 की अवधारणा और उसके उद्देश्यों से नव नियुक्त पदाधिकारियों को अवगत कराया गया.
लक्ष्य जनहित
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपनी सेवा की जिम्मेदारियों को केवल सरकारी प्रक्रिया के तौर पर नहीं देखना चाहिए, बल्कि इसका सीधा संबंध आम लोगों के जीवन से है. प्रशासनिक फैसलों और योजनाओं का असर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए.
पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन पर जोर
डीएम रवि प्रकाश ने कहा कि सरकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारना प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी और समीक्षा की जरूरत है.
उन्होंने लोक सेवाओं का अधिकार, ऑनलाइन सेवा व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रणाली का जिक्र करते हुए कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाएं समयबद्ध, पारदर्शी और सरल तरीके से उपलब्ध कराना जरूरी है. प्रशासन में जवाबदेही तभी मजबूत होगी, जब लोगों को अपनी समस्या रखने और उसका समाधान पाने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े.
उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से कहा कि तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के दौर में ऑनलाइन माध्यमों का बेहतर उपयोग करते हुए प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है.
अनुशासन के साथ संवेदनशील व्यवहार जरूरी
प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए डीएम ने स्वास्थ्य, अनुशासन और व्यवहार-कुशलता के महत्व पर भी बात की. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में काम करने वाले अधिकारियों के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है. काम का दबाव होने के बावजूद अधिकारियों को आम लोगों के प्रति विनम्र और संवेदनशील रवैया बनाए रखना चाहिए.
उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी के व्यवहार का सीधा असर लोगों के बीच प्रशासन की छवि पर पड़ता है. इसलिए पद की जिम्मेदारी के साथ मानवीय संवेदनशीलता को भी बनाए रखना आवश्यक है.
सोशल मीडिया के इस्तेमाल में बरतें सावधानी
डीएम रवि प्रकाश ने नव नियुक्त अधिकारियों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल की भी सलाह दी. उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच जरूरी है. अधिकारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी जानकारी को साझा करते समय प्रशासनिक मर्यादा और अपनी जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए.
उन्होंने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान हासिल किया गया ज्ञान तभी सार्थक होगा, जब अधिकारी उसे अपने सेवाकाल में व्यवहार में उतारेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए पूरी निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ आम लोगों की सेवा करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








