नवादा के निजी अस्पतालों पर प्रशासन की कार्रवाई, कई संचालकों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ

निजी क्लीनिकों का जायजा लेते पदाधिकारी गण | Prabhat Khabar Network
छापेमारी, लाइसेंस और फार्मासिस्ट नहीं मिलने पर मचा हड़कंप
Nawada News : नवादा नगर शहर के निजी अस्पतालों और क्लिनिकों में गुरुवार को जिला प्रशासन ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर कई स्थानों पर जांच की. अभियान का नेतृत्व सदर एसडीएम अमित अनुराग एवं सदर एसडीपीओ हुल्लास कुमार ने किया. उनके साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम, सदर बीडीओ तथा नगर थानाध्यक्ष उमा शंकर सिंह भी मौजूद रहे.
जेल रोड और स्टेडियम रोड के अस्पतालों की जांच
प्रशासनिक टीम ने जेल रोड और हरिश्चंद्र स्टेडियम रोड स्थित कई निजी अस्पतालों एवं क्लिनिकों का निरीक्षण किया. इस दौरान दस्तावेजों, लाइसेंस और अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई.
बिना लाइसेंस और फार्मासिस्ट के मिले कई क्लीनिक
प्रारंभिक जांच में कई अस्पतालों और क्लिनिकों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. अधिकांश संस्थानों में आवश्यक लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिला, जबकि कई क्लिनिक बिना पंजीकृत फार्मासिस्ट के संचालित होते पाए गए. इसे स्वास्थ्य मानकों का गंभीर उल्लंघन माना गया.
पूछताछ के लिए कुछ लोगों को लिया हिरासत में
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने संबंधित संचालकों से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा. वहीं, कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया. प्रशासन की अचानक कार्रवाई से निजी अस्पतालों और क्लिनिक संचालकों में हड़कंप मच गया तथा कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया.
नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम विभिन्न अस्पतालों में जांच अभियान चला रही थी. अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी. जिन अस्पतालों और क्लीनिकों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










