12 घंटे के भीतर अपहृत होटल संचालक बरामद, एक अपहर्ता गिरफ्तार

Published by :MANOJ KUMAR
Published at :29 Apr 2026 7:55 PM (IST)
विज्ञापन
12 घंटे के भीतर अपहृत होटल संचालक बरामद, एक अपहर्ता गिरफ्तार

Nawada News.व्यवहार न्यायालय स्थित होटल संचालक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात को नवादा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है.

विज्ञापन

पुलिस की कार्रवाई में होटल संचालक घायलावस्था में बरामदस्कॉर्पियो की टक्कर के विवाद में कोर्ट स्थित टाउन ढाबा से हुआ था अखिलेश कुमार का अपहरण

80 हजार रुपये या वाहन मरम्मत की कर रहे थे मांग, पुलिस ने स्कॉर्पियो भी की जब्त

कैप्शन – मौके पर पहुंची पुलिस.

प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय

व्यवहार न्यायालय स्थित होटल संचालक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात को नवादा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. पुलिस ने अपहृत होटल संचालक अखिलेश कुमार (63 वर्ष) को तीन नंबर बस स्टैंड के पास एक घर से घायल अवस्था में बरामद किया है. मौके से एक अपहर्ता को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान नेहालुचक गांव निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है. एसडीपीओ सदर वन हुलास कुमार ने बताया कि घटना की जड़ एक मामूली सड़क दुर्घटना थी. तीन नंबर बस स्टैंड के पास दो स्कॉर्पियो के बीच भिड़ंत हुई थी, जिसमें एक गाड़ी का शीशा टूट गया था. क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो पर सवार असामाजिक तत्वों ने दूसरी गाड़ी का पीछा किया और कोर्ट स्थित ”टाउन ढाबा रेस्टोरेंट” जा पहुंचे. वहां वे होटल संचालक को ही संबंधित स्कॉर्पियो का मालिक समझकर उलझ गए और उन्हें होटल से खींचकर जबरन अपने साथ ले गए.

एसआइटी की त्वरित कार्रवाई से टली अनहोनी

होटल संचालक के बेटे अमित कुमार द्वारा नगर थाने को सूचना दिए जाने के बाद एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर एसआइटी का गठन किया गया. तकनीकी अनुसंधान और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने सुबह होते-होते अपहृत को बरामद कर लिया. जांच में पता चला कि अपहरणकर्ताओं ने अखिलेश कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की थी और गाड़ी की मरम्मत के बदले 80 हजार रुपये की मांग कर रहे थे.

नामजद प्राथमिकी और छापेमारी

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो (जेएच01इवाइ1002) को जब्त कर लिया है. इस मामले में स्कॉर्पियो मालिक और चालक समेत पांच लोगों के खिलाफ नगर थाना कांड संख्या- 428/26 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. एसडीपीओ ने बताया कि फरार अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. समय रहते पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गयी.

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन