दहेज हत्या मामले में पति गिरफ्तार

रजौली थाना की पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दहेज हत्या मामले में पति गिरफ्तार रजौली थाना की पुलिस की त्वरित कार्रवाई सदर अस्पताल नवादा में मिला था महिला का शव प्रतिनिधि, रजौली. रजौली थाना की पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है. थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि अंधरवारी गांव निवासी विनोद सिंह के पुत्र कुंदन कुमार को दहेज हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. बीते 30 अप्रैल को कुंदन कुमार की पत्नी नेहा देवी का शव सदर अस्पताल नवादा में मिला था. इस मामले में मृतका के पिता, अकबरपुर थाना क्षेत्र के कुलना गांव निवासी गृहरक्षक रामाशीष प्रसाद ने फर्द बयान दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को उनके बड़े दामाद अमित कुमार ने फोन पर सूचना दी कि उनकी बेटी नेहा देवी की तबीयत अत्यंत खराब है. ससुराल वाले उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा लेकर गये हैं. सूचना मिलने पर जब वे अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी बेटी नेहा देवी मृत पड़ी थी. पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर अक्सर उनकी बेटी से विवाद करते थे. उन्होंने कहा कि उनकी केवल दो बेटियां हैं और संपत्ति के लालच में ससुराल वालों ने उनकी छोटी बेटी नेहा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी. थानाध्यक्ष ने बताया कि पिता के बयान के आधार पर मृतका के पति कुंदन कुमार, सास किरण देवी, ननद ऋचा कुमारी व सलोनी कुमारी तथा ससुर विनोद सिंह के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति कुंदन कुमार को अंधरवारी गांव से गिरफ्तार कर लिया है. मेडिकल जांच के बाद आरोपी को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










