नवादा में एनएच-20 पर चलेगा विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान, तीन चरणों में होगी कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन

एनएच-20 निरीक्षण करते डीटीओ के साथ अन्य पदाधिकारीगण

Begusarai News : नवादा में NH-20 पर हरदिया से खरांट मोड़ तक अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की है। जानें अभियान की पूरी जानकारी।

विज्ञापन

Begusarai News : राष्ट्रीय राजमार्ग-20 और उसके सर्विस रोड पर यातायात को सुगम बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया है. परियोजना निदेशक, कार्यान्वयन इकाई, गया के एक अगस्त 2026 के अनुरोध के आलोक में जिला प्रशासन ने संयुक्त आदेश जारी किया है. प्रशासन के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों को प्रभावी रूप से लागू करना है. हाईवे और सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग तथा कचरा फेंकने की बढ़ती समस्या के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था, जिसे देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है.

तीन चरणों में हटाया जाएगा अतिक्रमण

जिला प्रशासन ने अभियान को तीन चरणों में संचालित करने का निर्णय लिया है. इसके लिए तिथि और क्षेत्रवार दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. पहले चरण में 5 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक मस्तानगंज से खराट मोड़ तक अतिक्रमण हटाया जाएगा. इस दौरान नवादा सदर की अंचल अधिकारी गरिमा गीतिका को दंडाधिकारी और मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष संजीत सिंह को पुलिस पदाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है.

दूसरे और तीसरे चरण में भी होगी कार्रवाई

दूसरे चरण में 17 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक रामदेव मोड़ से मस्तानगंज तक अभियान चलाया जाएगा. इस क्षेत्र की जिम्मेदारी अकबरपुर के अंचल अधिकारी संजय कुमार प्रसाद और अकबरपुर थाना के थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा को सौंपी गई है. तीसरे और अंतिम चरण में 22 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक हरदिया से रामदेव मोड़ तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी. इसके लिए रजौली के अंचल अधिकारी मो. गुफरान मजहरी और रजौली थाना के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को जिम्मेदारी दी गई है.

अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहने के निर्देश

जिला प्रशासन ने प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्धारित तिथियों पर मौके पर उपस्थित रहकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करने को कहा गया है.

एनएचएआई अधिकारियों के संपर्क नंबर भी किए गए जारी

अभियान के बेहतर समन्वय के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के संपर्क विवरण भी जारी किए गए हैं. इनमें साइट इंजीनियर, प्रोजेक्ट मैनेजर आर.के. त्रिपाठी और रेजिडेंट इंजीनियर विजय कुमार झा शामिल हैं, जिनसे आवश्यकता पड़ने पर संपर्क किया जा सकेगा.

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क उपयोगकर्ताओं और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस संबंध में जारी आदेश की प्रतिलिपि जिला परिवहन पदाधिकारी, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है.

Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम



विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन