रंगदारी को लेकर ट्रक ड्राइवर से मारपीट, वाहनों का घंटों लगा रहा लंबा जाम

Updated:
विज्ञापन
रंगदारी को लेकर ट्रक ड्राइवर से मारपीट, वाहनों का घंटों लगा रहा लंबा जाम

Nawada News. नगर क्षेत्र में हिसुआ-नवादा पथ पर बड़की पुल के समीप बुधवार को ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की घटना के बाद भारी बवाल हुआ.

विज्ञापन

ट्रक ड्राइवर को पीटकर फोड़ा सिर, बड़की पुल के पास ट्रक खड़ा कर किया रोड जाम

स्कूली बसें और शादी-समारोह में जाने वाले लोग रहे परेशान, पुलिस के आश्वासन पर खुला रास्ता

कैप्शन- जाम में फंसा स्कूली वाहन, जाम की लगी लंबी कतार.

.प्रतिनिधि, हिसुआ

नगर क्षेत्र के हिसुआ-नवादा पथ पर बड़की पुल के समीप बुधवार को ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की घटना के बाद भारी बवाल हुआ. आक्रोशित ड्राइवर ने ट्रक को सड़क के बीचों-बीच आड़ा-तिरछा खड़ा कर मार्ग पूरी तरह बाधित कर दिया. इस मारपीट में ड्राइवर का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया. घटना के पीछे अवैध वसूली और रंगदारी का आरोप लगाया जा रहा है. घायल ड्राइवर गया निवासी राहुल कुमार ने बताया कि विवाद की शुरुआत विश्वशांति चौक पर चुंगी वसूलने वालों के साथ हुई. इसके बाद कुछ युवकों ने बड़की पुल के पास ट्रक का पीछा कर उसे रुकवाया और ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई कर दी. ड्राइवर के समर्थन में अन्य वाहन चालक भी उतर आये और रंगदारी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया.

बच्चे और राहगीर हुए हलकान

सुबह के समय हुए इस जाम के कारण स्कूली बसों की लंबी कतार लग गई, जिसमें बच्चे भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए बिलबिलाते रहे. लग्न का सीजन होने के कारण शादी-समारोह में आने-जाने वाले लोगों को भी भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा. नवादा और हिसुआ दोनों ओर से वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गयीं.

कार्रवाई के भरोसे पर हटा जाम

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित चालक दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. बाद में पुलिस द्वारा रंगदारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद जाम हटाया गया. थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि जख्मी ड्राइवर को निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. फिलहाल परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को दबोचा जायेगा.

विज्ञापन
Uday Kr Bharti

लेखक के बारे में

By Uday Kr Bharti

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन