नवादा में ट्रेन की चपेट में आने से अधिवक्ता क्लर्क की मौत, वजीरगंज से लौटने के दौरान गुआ हादसा

Updated:
विज्ञापन

नवादा के पथरा इंग्लिश गांव निवासी अधिवक्ता क्लर्क सुनील सिंह की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वजीरगंज से लौटने के दौरान हुए इस हादसे से शोक की लहर है।

विज्ञापन

Nawada Advocate's Clerk : नवादा सिविल कोर्ट के अधिवक्ता क्लर्क सुनील सिंह की ट्रेन हादसे में मौत हो गई. चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान वह फिसल गए और ट्रेन की चपेट में आ गए. घटना में मौके पर ही उनकी जान चली गई. इस घटना के बाद अधिवक्ता समुदाय और गांव में शोक का माहौल है.

मृतक सुनील सिंह नवादा के पथरा इंग्लिश गांव के निवासी थे और उनकी उम्र करीब 65 वर्ष बताई जा रही है. वह लंबे समय से सिविल कोर्ट नवादा में अधिवक्ता क्लर्क के रूप में कार्यरत थे. अपने शांत स्वभाव और जिम्मेदारी से काम करने के लिए वे अधिवक्ताओं के बीच काफी सम्मानित माने जाते थे.

वजीरगंज से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों और परिचितों के अनुसार, सुनील सिंह शनिवार को किसी जरूरी काम से वजीरगंज गए थे. काम खत्म करने के बाद वे जमालपुर पैसेंजर ट्रेन से नवादा लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में अचानक उनका पैर फिसल गया. संतुलन बिगड़ने के कारण वे सीधे ट्रेन की चपेट में आ गए.

यह भी पढ़े---नवादा में नदी में डूबने से 11 साल के बच्चे की मौत, घर से क्रिकेट खेलने निकला था मासूम

हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और स्थिति को देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया.

मौके पर पहुंची रेल पुलिस, शुरू हुई कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर

सुनील सिंह के निधन की खबर जैसे ही पथरा इंग्लिश गांव और सिविल कोर्ट नवादा पहुंची, हर तरफ शोक की लहर दौड़ गई. अधिवक्ता समुदाय के लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं.

जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व महासचिव संत शरण शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुनील सिंह एक कर्मठ और समर्पित व्यक्ति थे. उन्होंने लंबे समय तक अधिवक्ताओं के साथ मिलकर काम किया और हमेशा अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाया.

उन्होंने कहा कि उनके निधन से अधिवक्ता समुदाय ने एक भरोसेमंद सहयोगी को खो दिया है. साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.

Also Read : रजौली से अपहृत नाबालिग मुंबई से बरामद, शादी का झांसा देकर ले गया था युवक, आरोपी गिरफ्तार



विज्ञापन
Bablu Kumar

लेखक के बारे में

By Bablu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन