नवादा में नदी में डूबने से 11 साल के बच्चे की मौत, घर से क्रिकेट खेलने निकला था मासूम
पोस्टमार्टम कराने सदर अस्पताल पहुंचे चौकीदार व परिजन
नवादा के काशीचक में क्रिकेट खेलने निकले 11 वर्षीय कुंदन की नदी में डूबने से मौत हो गई. गांव में मातम का माहौल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
Nawada Minor Death : नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां लीला बीघा गांव में शनिवार को नदी में डूबने से 11 वर्षीय बालक कुंदन कुमार की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मासूम की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार कुंदन घर से क्रिकेट खेलने निकला था, लेकिन वापस जिंदा नहीं लौट सका.
मृतक कुंदन कुमार, लीला बीघा गांव निवासी ग्राइंडर मांझी का सबसे छोटा बेटा था. परिवार के लोगों के मुताबिक वह रोज की तरह शनिवार को भी अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने की बात कहकर घर से निकला था. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी.
देर शाम तक नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश
परिजनों ने पहले उसके दोस्तों और आसपास के इलाकों में पूछताछ की, लेकिन कुंदन का कहीं पता नहीं चला. इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण उसे खोजने के लिए इधर-उधर निकल पड़े. धीरे-धीरे खोजबीन नदी किनारे तक पहुंची, जहां लोगों को अनहोनी की आशंका होने लगी.
यह भी पढ़े--- नवादा: 2023 के बाद पहली बार फिर से शनिवार को सभी सरकारी स्कुल खुलेंगे हाफ डे, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर कुंदन की तलाश शुरू की. काफी देर तक चले सर्च के बाद आखिरकार उसका शव पानी से बरामद किया गया. यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे गांव में मातम छा गया.
पैर फिसलने से गहरे पानी में जाने की आशंका
ग्रामीणों का मानना है कि क्रिकेट खेलने के दौरान कुंदन नदी किनारे पहुंच गया होगा. संभावना जताई जा रही है कि वह हाथ धोने या किसी सामान को निकालने के लिए पानी के पास गया होगा. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. तैरना नहीं आने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही काशीचक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
गांव में पसरा मातम, परिवार बेहाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद लीला बीघा गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है. कुंदन अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था, जिससे सभी को खास लगाव था. उसके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
Also Read: रजौली से अपहृत नाबालिग मुंबई से बरामद, शादी का झांसा देकर ले गया था युवक, आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










