इनर व्हील क्लब ने स्तनपान और सर्वाइकल कैंसर को लेकर महिलाओं व छात्राओं को किया जागरूक
बैठक में शामिल महिलायें
Nawada News : नवादा में इनर व्हील क्लब द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह पर महिलाओं को स्तनपान के लाभ और सर्वाइकल कैंसर से बचाव की जानकारी दी गई.
Nawada News : पटवासराय में इनर व्हील क्लब की महिलाओं ने विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर सामुदायिक भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में महिलाओं को मां के दूध के महत्व और बच्चों के स्वास्थ्य पर इसके लाभों के बारे में जानकारी दी गयी. क्लब की प्रेसिडेंट रेखा रानी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है. उन्होंने महिलाओं से अपील की कि बच्चे को जन्म के बाद छह महीने तक केवल मां का दूध पिलाएं.
पहला दूध बच्चों के लिए वैक्सीन का करता है काम
रेखा रानी ने कहा कि यदि मां को पर्याप्त दूध नहीं हो रहा है, तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. मां का पहला दूध बच्चे के लिए वैक्सीन का काम करता है और उसे कई जानलेवा बीमारियों से बचाने में मदद करता है. इसलिए बच्चे को मां का पहला दूध पिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि स्तनपान कराने से मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा बच्चों में कई तरह की बीमारियों का खतरा कम होता है. महिलाओं को अपने खान-पान पर भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी गयी.
महिलाओं के बीच थैला और खाद्य सामग्री का वितरण
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया. उन्हें पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गयी. इसके बाद महिलाओं के बीच थैला, बिस्किट और हॉर्लिक्स का वितरण किया गया.
छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति किया जागरूक
इसके बाद क्लब की सदस्याओं ने उत्क्रमित उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक किया. क्लब की सेक्रेटरी पुष्पा कुमारी ने छात्राओं को बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारी है. इससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण कराना महत्वपूर्ण है. उन्होंने छात्राओं को बीमारी के संभावित लक्षणों और इसके होने पर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी.
सेनेटरी पैड और छाता का किया वितरण
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया. इसके अलावा बारिश के मौसम को देखते हुए छात्राओं को छाता भी दिया गया. क्लब की महिलाओं ने स्कूल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
क्लब की सदस्याओं ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा
कार्यक्रम में प्रेसिडेंट रेखा रानी, सेक्रेटरी पुष्पा कुमारी, वाइस प्रेसिडेंट अंजना सिन्हा, सावित्री बरनवाल, आशा देवी, रजनी कुमारी, अवधेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










