नवादा में 15 हजार से ज्यादा ई-रिक्शा से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग और स्टैंड बनाने की तैयारी

Updated:
विज्ञापन

प्रजातंत्र चौक पर सड़क पर खड़ी ई रिक्शा | Prabhat Khabar Network

Nawada E-Rickshaw Traffic : नवादा शहर में ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या ने यातायात व्यवस्था को ठप कर दिया है, जिससे हर तरफ जाम की स्थिति बनी हुई है. आम जनता, दुकानदार और चालक स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Nawada E-Rickshaw Traffic : नवादा शहर में तेजी से बढ़ती ई-रिक्शा की संख्या अब यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. शहर में करीब 15 हजार से अधिक ई-रिक्शा बिना निर्धारित स्टैंड और तय रूट के संचालित हो रहे हैं.

नतीजतन मुख्य बाजार, अस्पताल रोड, स्टेशन रोड, विजय बाजार, मेन रोड और प्रमुख चौक-चौराहों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे आम लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर

परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर चालान और कार्रवाई की जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाने से समस्या जस की तस बनी हुई है. लोगों का कहना है कि जब तक पार्किंग और स्टैंड की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक केवल कार्रवाई से स्थिति नहीं सुधरेगी.

चालकों की मांग और दुकानदारों की परेशानी

शहरवासियों का कहना है कि नवादा में अब सुनियोजित ट्रैफिक व्यवस्था की जरूरत है. विशेषज्ञों का मानना है कि प्रमुख बाजारों के बाहर पार्किंग जोन, ई-रिक्शा स्टैंड और वैकल्पिक रूट निर्धारित किए जाएं, ताकि बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम हो सके.

इससे जाम की समस्या के साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी. ई-रिक्शा चालक राज कुमार ने कहा कि हम लोग रोज मेहनत करके परिवार चलाते हैं, लेकिन बिना स्टैंड के वाहन खड़ा करना मजबूरी है.

ट्रैफिक. सांकेतिक तस्वीर. (AI Image)
ट्रैफिक. सांकेतिक तस्वीर. (AI Image)

प्रशासन पहले व्यवस्था करे, फिर कानून का पालन कराने की बात करे. वहीं चालक विजय प्रसाद ने कहा कि कई वर्षों से स्थायी स्टैंड और पहचान पत्र आधारित परमिट की मांग कर रहे हैं. नियम बनेंगे तो हम सबसे पहले उनका पालन करेंगे. केवल चालान से समस्या का समाधान नहीं होगा.

दुकानदारों ने बताया कि दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया है. पार्किंग नहीं मिलने से लोग खरीदारी किए बिना लौट जाते हैं. यदि पार्किंग जोन बना दिया जाए तो शहर की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी. विवेक अग्रवाल (व्यवसायी), नगेन्द्र जैन (स्थानीय), संजीव सिंह (बाइक चालक) और नीतीश कुमार (दुकानदार) ने भी शहर में व्यवस्थित पार्किंग और जल्द स्थायी व्यवस्था बनाए जाने की बात कही है.

बढ़ता ट्रैफिक और नगर परिषद का आश्वासन

बाजारों में ई-रिक्शा, बाइक और चारपहिया वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण सड़कें संकरी पड़ गई हैं. कई स्थानों पर जाम के कारण एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी उठानी पड़ती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

ट्रैफिक जाम की तस्वीर (सांकेतिक तस्वीर )
ट्रैफिक जाम की तस्वीर (सांकेतिक तस्वीर )

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समीर कुमार ने कहा कि शहर में जहां-जहां पार्किंग की आवश्यकता है, उन स्थानों का चिन्हांकन किया जा रहा है. बहुत जल्द व्यवस्थित पार्किंग और ई-रिक्शा स्टैंड की व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी.

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि शहर में अनुशासन और सुगम आवागमन दोनों सुनिश्चित हो सकें.

Also Read : मोकामा रेल पुल पर एनआई कार्य के कारण सितंबर में बदलेगा ट्रेनों का रूट, गया जी के रास्ते चलेंगी कई ट्रेनें


विज्ञापन
Bablu Kumar

लेखक के बारे में

By Bablu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन