नवादा: टूटी ह्यूम पाइप पुलिया और टूटा संपर्क; जोगियामारण पंचायत के भंडरा गांव में आवागमन ठप, 500 परिवारों की बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन

टूटे पुलिया के समीप खड़े छात्र एवं ग्रामीण| Prabhat Khabar Network

नवादा जिले के रजौली प्रखंड में धनार्जय नदी पर बनी ह्यूम पाइप पुलिया बह जाने से भंडरा, राधे बिगहा और चांदेवारा गांवों का संपर्क टूट गया है. करीब 500 घरों की आबादी, खासकर स्कूली बच्चे, जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं.

विज्ञापन

Nawada News: नवादा जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र की जोगियामारण पंचायत अंतर्गत आने वाले भंडरा गांव में विकास के दावों की पोल खोलती एक गंभीर तस्वीर सामने आई है. धनार्जय नदी पर बनी ह्यूम पाइप पुलिया पानी के तेज बहाव में बह जाने से भंडरा, राधे बिगहा और चांदेवारा गांवों का सीधा संपर्क प्रखंड मुख्यालय से कट गया है. इससे करीब 500 घरों की आबादी प्रभावित हुई है.

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण तो कराया गया था और कागजों में पुल प्रस्तावित था, लेकिन धरातल पर ह्यूम पाइप के बह जाने के बाद अब केवल गहरा कटाव और खतरनाक खाई बची है.

जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को विवश बच्चे

पुलिया बह जाने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप है. स्कूली बच्चे और ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पानी और कीचड़ के बीच से गुजरने को मजबूर हैं.

स्थानीय ग्रामीण—कुंदन कुमार, प्रमोद कुमार यादव, गोपाल सिंह, भोला सिंह, सीताराम, अमरेंद्र सिंह, शैम्पू सिंह, कौशल, नवीन, गोलू, चनक यादव, छोटे यादव, विक्की यादव, साधु यादव, महेंद्र राम, प्यारी भुइयां और दिनेश यादव ने बताया कि रेलवे निर्माण कार्य में लगी 'नरसिंह कंस्ट्रक्शन' कंपनी के भारी वाहनों की आवाजाही से भी यह मार्ग और अधिक जर्जर हो चुका है.

विभागीय लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश

अमरेंद्र सिंह, छोटे लाल सिंह, ईश्वर राम, ब्रह्मदेव यादव और रंजीत राम समेत ग्रामीणों ने बताया कि कई बार गुहार लगाने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिला. संपर्क मार्ग बाधित होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और दैनिक जरूरतों के सामान लाने में भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द वहां एक पक्के व मजबूत पुल निर्माण की मांग की है.

मामले पर अधिकारियों का पक्ष:

  • बीडीओ संजीव झा: उन्होंने बताया कि भंडरा गांव के समीप पुलिया बहने की सूचना पर त्वरित संज्ञान लिया गया है. जनता की परेशानी को देखते हुए संबंधित पक्षों को तत्काल रास्ता आवागमन योग्य बनाने का निर्देश दे दिया गया है.
  • पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार: उन्होंने स्वीकार किया कि धनार्जय नदी के तेज बहाव के कारण पुलिया बही है. वहां छोटे ह्यूम पाइप की जगह एक बड़े पुल की आवश्यकता है ताकि पानी का निकास सही से हो सके. उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले दो दिनों के भीतर वैकल्पिक व्यवस्था कर रास्ते को बहाल कर दिया जाएगा ताकि ग्रामीणों व बच्चों को राहत मिल सके.

Also Read: नवादा: रजौली विद्युत प्रमंडल ने शुरू किए 2 फ्यूज कॉल सेंटर, फोन पर शिकायत दर्ज होते ही होगी कार्रवाई


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन