राजगीर में 69वीं बैच के डीएसपी का दीक्षांत समारोह संपन्न, DGP बोले- जनता को न्याय दिलाना पहली प्राथमिकता
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 26 May 2026 8:06 PM
दीक्षांत समारोह की तस्वीर
Nalanda News: बिहार पुलिस अकादमी राजगीर में 69वीं बैच के 19 प्रशिक्षु डीएसपी और समादेष्टा अधिकारियों का एक वर्षीय कठिन प्रशिक्षण संपन्न होने पर दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि डीजीपी विनय कुमार ने परेड की सलामी ली और नवनीत आनंद को 'मुख्यमंत्री पिस्टल' व राजन भारती को 'डीजीपी स्वॉर्ड' अवार्ड से सम्मानित किया. अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीजीपी ने पुलिसिंग को और अधिक संवेदनशील, तकनीकी रूप से दक्ष और जनता के प्रति जवाबदेह बनाने पर जोर दिया.
Nalanda News(रामविलास): बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के अत्याधुनिक परिसर में मंगलवार को 69वीं पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रशिक्षु बैच का भव्य दीक्षांत परेड समारोह पूरी गरिमा के साथ संपन्न हो गया. इस गौरवशाली अवसर पर बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. डीजीपी ने परेड की सलामी ली और मार्च पास्ट का बारीकी से अवलोकन किया. इसके बाद उन्होंने कठिन बुनियादी प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रतिष्ठित अवार्ड और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया.
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग को वास्तव में ‘विभागों का विभाग’ कहा जाता है, क्योंकि समाज में जब भी किसी प्रकार की विपत्ति या समस्या आती है, तो पीड़ित जनता सबसे पहले उम्मीद और भरोसे के साथ पुलिस की ओर ही देखती है. चाहे अवैध खनन का मामला हो, सड़क दुर्घटना, पूर्ण शराबबंदी का कड़ाई से पालन, सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था, साइबर अपराध की गुत्थी या नशीले पदार्थों की गंभीर चुनौती—हर मोर्चे पर पुलिस की सीधी जवाबदेही तय होती है.
पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि जिम्मेदारी, दहेज मुक्त विवाह का लें संकल्प: डीजीपी
डीजीपी विनय कुमार ने नवप्रशिक्षित अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी या आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह लोकसेवा का सबसे कठिन, चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदार दायित्व है. उन्होंने सभी नवप्रशिक्षित डीएसपी को पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ आम जनता की सेवा करने तथा हर हाल में वर्दी की गरिमा व प्रतिष्ठा को बनाए रखने का मंत्र दिया. उन्होंने साफ कहा कि पुलिस सेवा 24×7 की जिम्मेदारी है और समाज हमसे एक ‘महामानव’ जैसी अपेक्षा रखता है, इसलिए हमें अपने निजी और सार्वजनिक जीवन दोनों में अनुशासन का सर्वोच्च आदर्श प्रस्तुत करना होगा. इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक कुरीतियों पर चिंता जताते हुए सभी युवा अधिकारियों से दहेज मुक्त विवाह करने का संकल्प लेने की भावुक अपील भी की.
19 जांबाज अधिकारियों ने पूरा किया एक वर्ष का कठोर प्रशिक्षण, मिले फॉरेंसिक और NSG के गुर
अकादमी की एडीजी-सह-निदेशक आर मलर विलि ने संस्थान की वार्षिक प्रशिक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस 69वीं बैच का बुनियादी प्रशिक्षण 14 मई 2025 से शुरू हुआ था. लगभग एक वर्ष तक चले इस बेहद कठिन और आधुनिक प्रशिक्षण सत्र में कुल 19 अधिकारी शामिल रहे. इनमें 17 डीएसपी, एक डीएसपी (तकनीकी) एवं एक जिला समादेष्टा शामिल हैं, जिनमें 14 पुरुष और 5 महिला अधिकारी हैं.
निदेशक ने बताया कि इन अधिकारियों को शारीरिक और सामरिक दक्षता के अलावा देश के शीर्ष संस्थानों में विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिलाया गया है. इसमें गुजरात के राष्ट्रीय विधि विज्ञान विश्वविद्यालय से फॉरेंसिक, नेपा (मेघालय) से साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन, ग्रे हाउंड्स हैदराबाद से फिजिकल एवं मेंटल एनहेंसमेंट, एनएसजी (NSG) मानेसर में रूम इंटरवेंशन तथा तेलंगाना पुलिस अकादमी में अत्याधुनिक हथियारों को चलाने का विशेष प्रशिक्षण शामिल है. इसके साथ ही आईआईएम बोधगया, एम्स पटना और आईजीआईएमएस के विशेषज्ञों ने भी इन्हें प्रशिक्षित किया है.
किसे कौन सा मिला सम्मान: नवनीत आनंद को मुख्यमंत्री पिस्टल तो राजन भारती को डीजीपी स्वॉर्ड
दीक्षांत परेड समारोह के दौरान प्रशिक्षण में सर्वोकृष्ट प्रदर्शन करने वाले जांबाज अधिकारियों को विभिन्न श्रेणियों में मुख्यमंत्री और डीजीपी अवार्ड से नवाजा गया, जो इस प्रकार हैं:
- सर्वश्रेष्ठ परिवीक्ष्यमान अधिकारी (ओवरऑल बेस्ट): नवनीत आनंद (मुख्यमंत्री पिस्टल अवार्ड)
- आउटडोर प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ: राजन भारती (डीजीपी स्वॉर्ड अवार्ड)
- इंडोर प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ: नवनीत आनंद (डीजीपी बैटन अवार्ड)
- विधि (कानून) विषय में उत्कृष्ट: उज्ज्वल कुमार उपकार (डायरेक्टर ट्रॉफी)
- लीगल अफेयर्स मैनेजमेंट: उज्ज्वल कुमार उपकार
- प्रबंधन, अनुसंधान एवं ट्रायल: राजन भारती
- फिजिकल ट्रेनिंग (PT) व हॉर्स राइडिंग: राजन भारती
- 10 किलोमीटर दौड़: पुरुष वर्ग में राजन भारती तथा महिला वर्ग में पूजा कुमारी
- फायरिंग प्रतियोगिता: पुरुष वर्ग में अभिषेक कुमार और महिला वर्ग में पूजा कुमारी
- ड्रिल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन: सुधा राज
- बेस्ट परेड कमांडर अवार्ड: पूजा कुमारी
- डायरेक्टर असेसमेंट सम्मान: अंकित कुमार रंजन
मंच पर मौजूद रहे कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी
इस ऐतिहासिक दीक्षांत समारोह के अवसर पर बिहार पुलिस अकादमी के डीआईजी-सह-उप निदेशक एके लाल, डीआईजी-सह-सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) दीपक रंजन, पुलिस अधीक्षक-सह-सहायक निदेशक (प्रशासन) चन्द्र प्रकाश, सीआरपीएफ डीआईजी निखिल रस्तोगी, एसपी भारत सोनी सहित पुलिस व प्रशासनिक महकमे के कई अन्य प्रबुद्ध अधिकारी, प्रशिक्षक और नवप्रशिक्षित अधिकारियों के गौरवान्वित अभिभावक मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
Also Read: Gaya Ji News: बहुभाषी लोगों का व्यक्तित्व विकास अधिक होता है : सीयूएसबी कुलपति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










