बिहारशरीफ : गोली मारकर युवक की हत्या

बिहारशरीफ : अपराधियों ने शुक्रवार की सुबह बिहार थाना क्षेत्र के महलपर मुहल्ले में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृत युवक इसी थाना क्षेत्र के खैराबाद निवासी राजेंद्र साव का पुत्र दिवाकर कुमार है. इधर, वारदात को अंजाम देकर भाग रहे एक युवक को लोगों ने धर दबोचा. उसकी पहचान दीपनगर थाने […]
बिहारशरीफ : अपराधियों ने शुक्रवार की सुबह बिहार थाना क्षेत्र के महलपर मुहल्ले में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृत युवक इसी थाना क्षेत्र के खैराबाद निवासी राजेंद्र साव का पुत्र दिवाकर कुमार है. इधर, वारदात को अंजाम देकर भाग रहे एक युवक को लोगों ने धर दबोचा. उसकी पहचान दीपनगर थाने के रजनीकांत कुमार सिंह के रूप में की गयी. जान बचाने के लिए युवक लोगों की गिरफ्त से छूटकर एक मकान में जा छिपा. पीछे से दर्जनों लोग भी मकान में घुस गये.
इसके बाद आक्रोशित लोगों ने हत्यारोपित युवक को मकान की पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया. यही नहीं गुस्साये लोगों ने आरोपित युवक को बचाने के लिए मकान में घुसे एसआईटी के जवान राजकिशोर सिंह को भी मकान से नीचे फेंक दिया. इसके बाद नीचे सड़क पर पहले से मौजूद लोगों ने हत्यारोपित युवक को ईंट-पत्थर व लात-घूसे से अधमरा कर दिया. इधर, घटना की सूचना पाकर दलबल के साथ बिहार एवं दीपनगर थाने की पुलिस पहुंची. पुलिसकर्मी हत्यारोपित युवक को भीड़ से बचाने के लिए काफी मशक्कत कर रहे थे.
इससे नाराज भीड़ पुलिस कर्मियों पर टूट पड़ी और देखते ही देखते उनलोगों को मारपीट कर जख्मी कर दिया. इसमें सदर डीएसपी निशित प्रिया, विधि व्यवस्था डीएसपी अजीत कुमार लाल, बिहार थानाध्यक्ष आरके मजूमदार, दीपनगर थानाध्यक्ष राहुल, बिहार अंचल इंस्पेक्टर अशोक कुमार समेत 11 पुलिसकर्मी चोटिल व जख्मी हो गये.
आधा दर्जन से अधिक पत्रकारों, उनके कैमरे व उनकी बाइकों को भी निशाना बनाया. आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल के पास छह से अधिक बाइकों को आग के हवाले कर दिया. पुलिस पर जमकर पत्थर बरसाये. करीब तीन घंटे तक उपद्रव मचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उपद्रवियों ने पुलिस की मौजूदगी में ही 10 से 12 राउंड तक फायरिंग की.
साथ ही करीब डेढ़ घंटे तक छह से अधिक पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर रखा. एसपी सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि ग्यारह से ज्यादा पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं.
आधा दर्जन से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. उपद्रव मामले में अबतक नौ लोग गिरफ्तार किये गये हैं. घटनास्थल की नाकेबंदी कर वहां भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गयी है. स्थिति अब पूरी तरह से सामान्य एवं नियंत्रण में है.
एक दिन पहले हुई थी नोक-झोंक
सूत्रों के अनुसार गुरुवार की संध्या मृत युवक की मोबाइल दुकान पर हत्यारोपित युवक एवं दिवाकर के बीच मोबाइल रिचार्ज को लेकर नोक-झोंक व गाली-गलौज हुई थी. इसके अलावा दोनों के बीच जमीन संबंधी विवाद भी बताया जा रहा है. ऐसे में प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या के कारण को जमीन संबंधी विवाद से जोड़कर देख रही है. इधर, मृतक के परिजनों ने हत्या के कारणों को लेकर फिलहाल चुप्पी साध ली है. समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




