दो नये मरीजों में मिला डेंगू का डंक

Updated at : 14 Nov 2017 5:53 AM (IST)
विज्ञापन
दो नये मरीजों में मिला डेंगू का डंक

मुहिम. जिले में बढ़ रही डेंगू के मरीजों की संख्या, रोगियों पर नजर रखने का निर्देश संबंधित क्षेत्रों में होगा टेक्निकल मालाथियॉन का स्प्रे सदर अस्पताल में खुला है विशेष डेंगू वार्ड हर पीएचसी व अनुमंडलीय अस्पतालों में भी इलाज की सुविधा बिहारशरीफ : नालंदा जिले में डेंगू बुखार से पीड़ित मरीज अभी भी छिटपुट […]

विज्ञापन

मुहिम. जिले में बढ़ रही डेंगू के मरीजों की संख्या, रोगियों पर नजर रखने का निर्देश

संबंधित क्षेत्रों में होगा टेक्निकल मालाथियॉन का स्प्रे
सदर अस्पताल में खुला है विशेष डेंगू वार्ड
हर पीएचसी व अनुमंडलीय अस्पतालों में भी इलाज की सुविधा
बिहारशरीफ : नालंदा जिले में डेंगू बुखार से पीड़ित मरीज अभी भी छिटपुट रूप में प्रतिवेदित हो रहे हैं. आये दिन इसके मरीजों की पहचान हो रही है. मरीज प्रतिवेदित होने से जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है. जिन इलाकों में मरीज प्रतिवेदित हुए हैं, संबंधित पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को सजग रहने की हिदायत दी गयी है.
साथ ही, डेंगू के संदिग्ध रोगियों पर नजर रखने को कहा गया है. जिले में डेंगू के साथ -साथ चिकनगुनिया के भी रोगी कमोवेश प्रतिवेदित आये दिन हो रहे हैं. डेंगू व चिकनगुनिया के चिह्नित रोगियों के इलाज के लिए जिले के अस्पतालों में मुकम्मल व्यवस्था की गयी है. नये रोगी चिह्नित होने पर उसका तुरंत इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश प्रभारियों को दिया गया है.
अब तक जिले के तेरह प्रखंडों में डेंगू ने दी है दस्तक
अब तक जिले के तेरह प्रखंडों में डेंगू के डंक पहुंच गया है. इस तरह नालंदा जिले के इन प्रखंडों में अब तक कुल 32 मरीज प्रतिवेदित हुए हैं. हाल ही में सिलाव के नीरपुर गांव में डेंगू का एक मरीज की पहचान हुई है. पीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में डेंगू एलाइजा की जांच करायी गयी. जहां से डेंगू कंफर्म होने की पुष्टि की गयी है.
नीरपुर में मनोज डेंगू बुखार की चपेट में आ गया है. नये मरीज चिह्नित होने के बाद सिलाव पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सजग रहने को कहा गया है. साथ ही, वहां पर डेंगू मच्छर के लार्वा को खत्म करने के लिए मालाथियॉन का स्प्रे कराने को कहा गया है. इसी तरह रहुई में भी एक मरीज की पहचान हुई है. अब तक जितने रोगी चिह्नित हुए हैं, उसमें से सबसे अधिक सदर प्रखंड बिहारशरीफ में आठ रोगी शामिल हैं.
सदर अस्पताल में संचालित है डेंगू वार्ड
डेंगू व चिकनगुनिया के मरीजों के इलाज के लिए सदर अस्पताल में विशेष डेंगू वार्ड संचालित है. इस वार्ड में कुल चौदह बेड लगाये गये हैं. यह वार्ड चिकित्सीय सुविधाओं से पूरी तरह से लैस है.
भर्ती होने वाले मरीजों के इलाज के लिए डॉक्टर से लेकर कर्मियों की व्यवस्था की गयी है. जीवनरक्षक दवा की भी व्यवस्था की गयी है. ब्लड जांच की भी सुविधा उपलब्ध है. एलाइजा जांच के लिए ब्लड के सैंपल को पटना भेजा जाता है. एलाइजा जांच के बाद सही रूप से पता चलता है कि डेंगू या चिकनगुनिया है. डीएमओ का कहना है हर बुखार डेंगू नहीं होता. इसके अलावा जिले के हरेक पीएचसी व अनुमंडलीय अस्पताल में पांच-पांच बेड के विशेष डेंगू वार्ड संचालित हैं.
एडिज मच्छर के लार्वा को खत्म के लिए मालाथियॉन का स्प्रे
डेंगू बुखार एडिज मच्छर के काटने से होता है. इसके लार्वा को खत्म करने के लिए जिला मलेरिया विभाग की ओर से वैसे जगहों पर टेक्निकल मालाथियॉन का स्प्रे कराया जा रहा है, जहां पर इसके मरीज अब तक प्रतिवेदित हुए हैं. अधिकतर जगहों पर दवा का स्प्रे हो गया है. कुछेक जगहों पर दवा का छिड़काव एक-दो दिनों के भीतर होने की संभावना है. रविवार को सदर प्रखंड के मघड़ा गांव में टेक्निकल मालाथियॉन का स्प्रे कराया गया. इस गांव में गत दिन चिकनगुनिया के एक मरीज चिह्नित हुए थे.
अब तक प्रतिवेदित हुए डेंगू के प्रखंडवार मरीज
प्रखंड रोगी की संख्या
सदर प्रखंड 08
सरमेरा 01
एकंगरसराय 04
नूरसराय 04
राजगीर 02
थरथरी 01
गिरियक 02
इस्लामपुर 01
हरनौत 03
रहुई 01
सिलाव 01
नगरनौसा 02
परबलपुर 01
क्या कहते हैं अधिकारी
डेंगू व चिकनगुनिया के चिंहित होने वाले रोगियों के इलाज के लिए जिले के अस्पतालों में मुकम्मल व्यवस्था की गयी है.सदर अस्पताल में 14 बेड का डेंगू वार्ड खुला हुआ है.यह वार्ड चिकित्सीय सुविधाओं से लैस है.जहां-जहां मरीज प्रतिवेदित हो रहे हैं वहां पर एडिज मच्छर के लार्वा को मारने के लिए टेक्निकल मालाथियॉन का छिड़काव कराया जा रहा है.अब तक डेंगू के 32 मरीज प्रतिवेदित हुए हैं.जिसमें अधिकतर मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गये हैं.
डॉ रवींद्र कुमार,जिला भेक्टर वॉर्न डिजीज नियंत्रण पदाधिकारी,नालंदा
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन