बिना गैस मिले ही आ रहा डिलीवरी का मैसेज, 'प्रभात खबर' की हेल्पलाइन नंबर में खुल गयी पोल
प्रभात खबर की हेल्पलाइन में दो दिन में 400 से अधिक शिकायतें
Prabhat Khabar Helpline Ranchi: रांची में गैस किल्लत के बीच प्रभात खबर की हेल्पलाइन पर दो दिनों में 400 से अधिक शिकायतें आयीं. सिस्टम की गड़बड़ी से बिना सिलेंडर मिले ही डिलीवरी के मैसेज आ रहे हैं. 'प्रभात खबर' इन समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान करा रहा है. अगर आप इन समस्याओं से परेशान हैं तो हमें आप अपनी परेशानी साझा कर सकते हैं.
Prabhat Khabar Helpline Ranchi, रांची : राजधानी रांची में घरेलू गैस सिलिंडर की परेशानी और उसके समाधान के लिए प्रभात खबर ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. हेल्पलाइन नंबर पर दो दिनों में करीब 400 उपभोक्ताओं के फोन आये. इसमें अलग-अलग समस्याएं लोगों द्वारा बतायी गयी. हेल्पलाइन नंबर पर आये फोन पर उपभोक्ताओं का यह बताया गया कि वह गैस की बुकिंग कराने और गैस सिलिंडर दिलाने का दावा नहीं कर रहे हैं, लेकिन आपकी समस्या को प्रशासन और गैस एजेंसियों तक जरूर पहुंचायेंगे. हालांकि, समस्याएं तो सामने आ ही रही हैं, लेकिन समाधान भी निकल रहा है.
गैस बुकिंग की समस्या बरकरार, राहत नहीं, सिलिंडर लेकर घूम रहे उपभोक्ता
गैस एजेंसी के दावों के बीच शुक्रवार को भी कई उपभोक्ता गैस की बुकिंग कराने के लिए परेशान रहे. ऑनलाइन बुकिंग सेवा के क्रैश होने के बाद जब लोगों ने आइओसीएल द्वारा जारी नंबर पर फोन किया, तो कोई फोन उठा ही नहीं. आलोका बाखला ने बताया कि वह काफी देर तक फोन कर एजेंसी से संपर्क साधने का प्रयास करती रहीं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. वहीं, शांति नगर तुपुदाना के उपभोक्ता हेलेना टोपनो ने बताया कि उनके पास भारत गैस का सिलिंडर है. ऑनलाइन बुकिंग तो बंद ही है, एजेंसी द्वारा मैनुअल बुकिंग नहीं की जा रही है. राकेश केडिया ने बताया कि इंडेन के एजेंसी का नंबर जारी होने के बाद जब फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला.
Also Read: झारखंड : रसोई गैस हैं परेशान तो PNG कनेक्शन के लिए इन नंबरों पर करें कॉल, ‘अबुआ साथी’ हेल्पलाइन जारी
सिलिंडर मिला नहीं, मैसेज आया हो गयी डिलीवरी
कांके रोड के अनिल कुमार ने हेल्पलाइन नंबर पर बताया कि 25 फरवरी को देवी गैस एजेंसी में सिलिंडर के लिए ऑनलाइन बुक कराया था. तीन दिन बाद 28 फरवरी को एजेंसी का मैसेज आया कि सिलिंडर आपको डिलीवर कर दिया गया है. अब दोबारा से बुकिंग करने पर फोन में मैसेज आ रहा है कि 25 दिन बाद आप गैस बुकिंग करा सकते है. वहीं, कांके के चूरी टोला निवासी प्रभात केरकेट्टा ने बताया कि छह फरवरी को गैस लिया था. 12 मार्च को जब गैस के लिए बुकिंग किया, तो मैसेज आया कि तीन मार्च को आपको गैस डिलीवर कर दिया गया है. 29 मार्च के बाद अब आप दोबारा बुकिंग कर सकते हैं.
बुकिंग और पैसा कटने के बाद भी राहत नहीं
गैस की किल्लत के बीच लोगों को राहत नहीं मिल रही है. बुकिंग और पैसे का भुगतान होने पर भी लोगों को एक सप्ताह बाद भी सिलिंडर नहीं मिल रहा है. पिस्का मोड़ निवासी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बुकिंग के बाद पैसा भी कट गया है, लेकिन सिलिंडर कब मिलेगा इसकी जानकारी नहीं मिल रही है. फोन करने पर सिर्फ आश्वासन मिल रहा है. ऐसे में अब वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इंडक्शन खरीदा है. इंडेन गैस एजेंसी की उपभोक्ता श्वेता ने बताया कि गैस की तत्काल जरूरत है, क्योंकि दोनों सिलिंडर खाली हो गये हैं. फोन करने पर कोई जवाब नहीं मिल रहा है.
सुनीता बुधिया को मिला गैस सिलिंडर, चेहरे पर दिखी खुशी
बरियातू निवासी सुनीता बुधिया को काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार को गैस सिलिंडर प्राप्त हो गया. गैस मिलने से वे काफी खुश थीं, क्योंकि लगातार प्रयास के बाद उनको सिलिंडर नहीं मिल पा रहा था. उन्होंने ‘प्रभात खबर’ के हेल्पलाइन नंबर पर गैस नहीं मिलने की जानकारी दी थी. उनको यह आश्वस्त किया गया था कि उनकी परेशानी को जिला प्रशासन और एजेंसी से अवगत करा दिया गया है. शुक्रवार शाम चार बजे जैसे ही सुनीता बुधिया को गैस सिलिंडर मिला, तो उन्होंने प्रभात खबर के हेल्पलाइन नंबर पर गैस मिलने की जानकारी दी.
‘प्रभात खबर’ से साझा करें अपनी परेशानी
‘प्रभात खबर’ अपने पाठकों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके साथ खड़ा है. घरेलू गैस से जुड़ी कोई दिक्कत होने पर पाठक प्रभात खबर के हेल्पलाइन नंबर 8340561015 और 9308709492 पर व्हाट्सऐप संदेश के जरिये अपनी पीड़ा साझा कर सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










