पांच अगस्त से कॉलेजों में चलेगा स्पेशल वोटर रजिस्ट्रेशन कैंपेन, मतदाता सूची में जुटेगा 18+ छात्रों का नाम
अधिकारियों के साथ बैठक करते झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी. फोटो: प्रभात खबर
झारखंड में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है. 5 अगस्त से प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशन के बाद कॉलेजों में लगेंगे हेल्प डेस्क और शिविर.
Ranchi News: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 5 अगस्त से प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद राज्यभर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान का उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के होने वाले सभी पात्र विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने सभी उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और शत-प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कराने की अपील की है.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक
सोमवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों एवं निदेशकों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की गई और आगामी विशेष पंजीकरण अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि राज्य के अधिकांश युवा मतदाता उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं. इसलिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें और निर्वाचन आयोग के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाएं.
फॉर्म-6 के जरिए जुड़ेंगे नए मतदाता
के. रविकुमार ने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से राज्यव्यापी पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक तक मतदाता पंजीकरण की जानकारी पहुंचाना निर्वाचन तंत्र की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इसके लिए सभी जिलों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए.
कॉलेज परिसरों में लगेंगे हेल्प डेस्क और शिविर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपने-अपने परिसरों में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, हेल्प डेस्क स्थापित करने और पंजीकरण शिविर लगाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की सक्रिय भूमिका से बड़ी संख्या में युवा मतदाता मतदाता सूची से जुड़ सकेंगे. विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जाएगा ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी निभा सकें.
18 वर्ष पूरी करने वाले विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी विद्यार्थी, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, वे मतदाता पंजीकरण के पात्र हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पात्र विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना आवश्यक है ताकि वे आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें.
जिलों को भेजी गई प्रचार सामग्री
के. रविकुमार ने बताया कि निर्वाचन कार्यालय की ओर से सभी जिलों को युवा मतदाताओं के लिए प्रचार-प्रसार सामग्री उपलब्ध करा दी गई है. कॉलेज और विश्वविद्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर इन सामग्रियों का उपयोग जागरूकता कार्यक्रमों और पंजीकरण शिविरों में कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पोस्टर, बैनर, डिजिटल सामग्री और अन्य प्रचार माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जाएगा.
सोशल मीडिया के जरिए भी चलेगा अभियान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आज अधिकांश युवा सोशल मीडिया का व्यापक उपयोग करते हैं. इसलिए फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, यूट्यूब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई अपात्र या विदेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल न हो.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में खुलेंगी 11 डेटा-एआई लैब, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
बैठक में कई अधिकारी हुए शामिल
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उच्च शिक्षा निदेशक सुधीर बाड़ा, तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक जॉर्ज कुमार, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, लोहरदगा के उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य एवं निदेशक शामिल हुए. बैठक में सभी अधिकारियों से अपने-अपने संस्थानों में मतदाता पंजीकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और पात्र विद्यार्थियों का अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया. निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि राज्य का कोई भी पात्र युवा मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके.
इसे भी पढ़ें: पलामू प्रमंडल में 56 लिपिकों के तबादले पर बढ़ा विवाद, हाईकोर्ट पहुंचा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Chandra
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










