बोलबम व ऊं नम: शिवाय से गूंजे शिवालय, किया जलाभिषेक

Updated at : 18 Jul 2017 12:23 PM (IST)
विज्ञापन
बोलबम व ऊं नम: शिवाय से गूंजे शिवालय, किया जलाभिषेक

मंदिर के पट खुलते ही भक्तों ने किया अभिषेक बिहारशरीफ. सावन के दूसरी सोमवारी को शहर समेत जिले के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए शिवभक्त उमड़ पड़े. जलाशयों,नदियों में स्नान कर जल लेकर श्रद्धालु विभिन्न मंदिर पहुंचे और कतारबद्ध होकर जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे. शहर के नील कंठेश्वर मंदिर खंदकपर,जंगलिया […]

विज्ञापन
मंदिर के पट खुलते ही भक्तों ने किया अभिषेक
बिहारशरीफ. सावन के दूसरी सोमवारी को शहर समेत जिले के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए शिवभक्त उमड़ पड़े. जलाशयों,नदियों में स्नान कर जल लेकर श्रद्धालु विभिन्न मंदिर पहुंचे और कतारबद्ध होकर जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे.
शहर के नील कंठेश्वर मंदिर खंदकपर,जंगलिया बाबा शिव मंदिर प्रोफेसर कॉलोनी, धनेश्वरघाट शिव मंदिर, कचहरी चौराहा का पुराना शिव मंदिर, भराव पर चौक के पास स्थित शिवमंदिर,शिवपुरी का शिवमंदिर,हिरण्य पर्वत के मंदिर, सोहसराय शिव मंदिर सहित हिलसा के बुढ़वा महादेव मंदिर,ओंदा के प्रसिद्ध शिव मंदिर,अमावां स्टेट का शिवमंदिर,राजगीर के प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए सोमवार को शिवभक्तों का तांता लगा रहा. शिवालय ‘बोलबम एवं ऊं नम: शिवाय’ से गुंजायमान होता रहा. शिवालयों में विशेष आरती का आयोजन किया गया.
संध्या आरती के बाद शिवभक्तों के बीच प्रसाद का भी वितरण किया गया. दूसरी सोमवारी को अहले सुबह से ही शिवभक्त मंदिरों के पास जलाभिषेक के लिए जमा होने लगे थे. बाबा भोले का सावन व शिवभक्तों से बड़ा लगाव है. भक्त भी बाबा भोले के दर्शन व जलाभिषेक के लिए उतावले रहते हैं, मंदिर के पट खुलते ही शिवभक्त कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे.
शिवभक्तों पर तीखी धूप का असर नहीं : सावन की दूसरी सोमवारी को तीखी धूप का भी शिव भक्तों पर कोई विशेष असर नहीं दिखा. कड़ी धूप में भी शिवभक्त अपनी बारी का इंतजार करते देखे गये. कड़ी धूप महिलाओं को भी पूजा करने से नहीं डिगा सकी. बाबा का दर्शन व जलाभिषेक करने के बाद ही शिवभक्त अपने घर लौटे.
कांवरियों ने राजगीर में किया जलाभिषेक : बाबा भोले पर बाबाधाम में जलाभिषेक कर लौटे कांवरियों में बड़ी संख्या में सोमवार को पर्यटक नगरी राजगीर स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक किया. राजगीर के गरम कुंड में स्नान पर कांवरियों ने अपनी थकान मिटाई और कांवर में जल भर कर जरासंध अखाड़ा के पास स्थित शिवमंदिर पहुंच कर जलाभिषेक किया.
29 दिनों का होगा सावन माह :
पंडित श्रीकांत शर्मा बताते हैं कि इस बार सावन में विशेष योग बन रहा है. वर्षों बाद ऐसा संयोग आया है कि सावन का महीना सोमवार से शुरू होकर सोमवार को ही समाप्त होगा. इस बार सावन का महीना 29 दिनों का होगा, मगर पूरे सावन माह के दौरान पांच सोमवार होंगे. इस बार सावन के तीन सोमवार को स्वार्थ सिद्धि का योग बन रहा है. सावन माह के समापन पर चंद्रग्रहण का दुर्लभ योग भी बन रहा है.
यह संयोग लगभग तीन दशक बाद आ रहा है. श्री शर्मा बताते हैं कि अकाल मृत्यु से बचने के लिए काल, सर्पदोष, मांगलिक दोष की शांति के लिए सावन माह में प्रतिदिन या प्रत्येक सोमवार को शिव की आराधना व रूद्राभिषेक करें. भगवान शिव की पूजा के लिए तीन पत्तों के बेलपत्र का ही प्रयोग करें. दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा, फूल-माला से शिव की आराधना करें.
बाबा सोमनाथ सिद्धनाथ मंदिर में उमड़ी भीड़
राजगीर. सावन के द्वितीय सोमवार को राजगीर के विभिन्न शिवालयों के अलावा वैभारगिरी पर्वत की चोटी पर स्थित बाबा सोमनाथ सिद्धनाथ मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही. सुबह से ही शिवालयों से भगवान शिव के मंत्रोच्चारण,घंटियों, धूप व अगरबत्ती की सुगंधित होते रहे. महिलाएं व लड़कियों की टोली सुबह से शाम तक शिव मंदिरों से पूजा अराधना करने में मगन नजर आये. इस दौरान वैभारगिरी पर्वत पर स्थित पौराणिक व महा भारतकालीन समय काल का बाबा सोमनाथ सिद्धनाथ मंदिर श्रावण माह में शिव भक्तों के लिए काफी अहम हो जाता है.
जहां सिर्फ बिहार के अन्य जिलों से ही नहीं बल्कि देश विदेश से राजगीर में भक्त पहुंचते हैं और विभिन्न गर्म जल झरनों में प्रमुख ब्रह्मकुंड में स्नान कर वैभारगिरी पर्वत की कई सौ सीढ़ियां कर बाबा सोमनाथ सिद्धनाथ मंदिर के शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं. इस दौरान कुंड परिसर के शिव मंदिर, गढ़ महादेव, थाना शिवालय, हनुमान गढ़ी, अनुमंडलीय अस्पताल शिव मंदिर, पीएचईडी कॉलोनी, शिव स्थान कॉलोनी, सूर्य कुंड शिव मंदिर, पंडितपुर आदि सहीत सभी शिवालयों में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया गया.
महादेव के जयकारा से गूंज उठा शिव मंदिर
थरथरी. स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के द्वितीय सोमवार को बाजार समेत दर्जनों गांवों के शिवालय में पूजा- अर्चना करने को लेकर भीड़ उमड़ी.
सावन की द्वितीय सोमवारी को थरथरी,अस्ता,भतहर, करियावां बाजार समेत कचहरिया, जैतपुर, छोटी छरियारी, नारायणपुर समेत दर्जनों गांवों के शिवालय में बोल बम,हर हर महादेव के जयकारा से गूंज उठा शिव मंदिर. भक्तों ने भोले शंकर का पूजा-अर्चना किया. श्रद्धालुओं ने बताया कि भोले शंकर को पूजा करने से सुख और शांति मिलती है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन