vikas mitra death: इलाज के दौरान कांटी के विकास मित्र का निधन, दिव्यांग बेटी से लिपट रोए पति
मृतका विकास मित्र रंजू देवी की फाइल फोटो
vikas mitra death: मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड की विकास मित्र रंजू कुमारी का शनिवार रात पटना में इलाज के दौरान निधन हो गया. उनके निधन से पानापुर हवेली पंचायत में शोक है और उनके पीछे पांच छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
vikas mitra death: कांटी प्रखंड अंतर्गत पानापुर हवेली पंचायत में तैनात विकास मित्र रंजू कुमारी का शनिवार की रात इलाज के दौरान पटना में निधन हो गया. रंजू कुमारी के पति और जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष बिनोद राम ने बताया कि वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार चल रही थीं. मुजफ्फरपुर में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय मुखिया प्रियंका कुमारी और सरपंच गीता देवी ने बताया कि रंजू कुमारी बेहद मिलनसार, हंसमुख और सामाजिक कार्यों में हमेशा अग्रणी रहने वाली महिला थीं.
एक दिव्यांग बेटी सहित पांच छोटे-छोटे बच्चे हुए अनाथ
विकास मित्र रंजू कुमारी अपने पीछे पांच छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें एक पुत्र और चार पुत्रियां शामिल हैं. इन बच्चों में से एक बेटी दिव्यांग भी है. रंजू कुमारी का शव जैसे ही पटना से उनके पैतृक घर लाया गया, मासूम बच्चों को देखकर उनके पति बिनोद राम फफक-फफक कर रो पड़े. वे अपनी दिव्यांग पुत्री से लिपट कर “बेटी गे बेटी अब तोरा कौन देखतऊ गे बेटी” कहकर विलाप करने लगे. पति और बच्चों के इस चीत्कार को देखकर वहां मौजूद हर ग्रामीण की आंखें नम हो गईं.
बीडीओ और जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से दी विदायी
शव घर पहुंचने की सूचना मिलते ही कांटी बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मृतका के दरवाजे पर उमड़ पड़ी. ग्रामीणों ने ढांढस बंधाते हुए दाह संस्कार की तैयारी शुरू की. इसके बाद सैकड़ों नम आंखों के साथ शव को गांव के ही श्मशान घाट ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया. इस मौके पर बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति, जदयू नेता चंदन ठाकुर, मुखिया प्रतिनिधि सुनील राम, कम्युनिस्ट नेता राजकुमार राम, पैक्स अध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी सहित कई पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों ने शोक व्यक्त करते हुए मृतका को भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










