छात्र संवाद : रिटोटलिंग में हो रहा विलंब, स्टोर से कॉपी निकालने में परेशानी

Updated at : 04 Jun 2024 1:18 AM (IST)
विज्ञापन
छात्र संवाद : रिटोटलिंग में हो रहा विलंब, स्टोर से कॉपी निकालने में परेशानी

छात्र संवाद : रिटोटलिंग में हो रहा विलंब, स्टोर से कॉपी निकालने में परेशानी

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर. बीआरएबीयू में छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए कुलपति प्रो.डीसी राय की पहल पर शुरू किए गए छात्र संवाद में पूर्व में आए कई मामलों का अबतक निष्पादन नहीं हो सका है. ऐसे में छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी में दूसरे जिलों से फिर अपनी शिकायत लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे. छात्र-छात्राओं ने कहा कि पिछले छात्र संवाद में आवेदन देने के बाद भी अबतक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया. ऐसे में कुलानुशासक डॉ बीएस राय ने मामले को त्वरित निष्पादित करने का आदेश दिया. आइटी सेल की मदद से टीपी वर्मा कॉलेज नरकटियागंज के छात्र कन्हैया कुशवाहा का परिणाम उसी समय अपडेट कर दिया गया. साथ ही छात्र काे इसकी जानकारी दी गयी. आरडीएस कॉलेज की स्नातक 2019-22 की छात्रा राजलक्ष्मी ने अबतक अंकपत्र नहीं मिलने की शिकायत की. रिकॉर्ड में देखकर बताया गया कि उसका अंकपत्र कॉलेज को भेजा जा चुका है. छात्रा ने परेशान होकर कहा कि कॉलेज में कहा गया है कि अबतक अंकपत्र नहीं आया है. उसका चयन केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए हुआ है और अंकपत्र नहीं मिलने के कारण परेशान है. छात्रा प्रियंका कुमारी के पति अबतक डिग्री नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंचे थे. उनका कहना था कि प्रियंका ने 2011-14 सत्र में स्नातक उत्तीर्ण किया था. इसके बाद 2019 में डिग्री के लिए आवेदन किया और अबतक डिग्री नहीं मिली. उस समय आवेदन शुल्क एक सौ रुपये लिया गया था. बाद में कहा गया कि उस चालान से डिग्री नहीं मिलेगी तो पिछले वर्ष अगस्त में उन्होंने चार सौ रुपये का चालान कटवाया पर इसके बाद भी डिग्री नहीं मिली. उन्होंने बताया कि अबतक काउंटर पर तीन बार आवेदन की पावती जमा कर चुके हैं. परीक्षा नियंत्रक डॉ टीके डे ने उनका आवेदन लिया और कहा कि शीघ्र उनकी डिग्री कॉलेज को भेज दी जाएगी. एसएलके कॉलेज सीतामढ़ी से पहुंचे छात्र ललन कुमार ने तृतीय वर्ष का अंकपत्र नहीं मिलने, प्रियंका कुमारी ने डिग्री नहीं मिलने, मुन्नी कुमारी ने रजिस्ट्रेशन नंबर में गड़बड़ी करने, अमन कुमार मिश्रा ने पंजीयन संख्या गलत होने, आरएन कॉलेज हाजीपुर के छात्र मयंक राज ने स्वास्थ्य कारणों से परीक्षा से वंचित हो जाने और दोबारा प्रायोगिक परीक्षा का मौका देने की मांग की. संवाद के दौरान अध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ अभय कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ टीके डे समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे. प्रिंटर खराब होने से माइग्रेशन और रजिस्ट्रेशन में हो रही परेशानी : छात्र संवाद के दौरान यह बात सामने आयी कि विश्वविद्यालय के यूएमआइएस सेक्शन का प्रिंटर ठीक से काम नहीं कर रहा है. इस कारण माइग्रेशन और रजिस्ट्रेशन नियमित रूप से प्रिंट नहीं हो पा रही है. कहा गया है कि उच्च क्षमता वाले प्रिंटर की यहां जरूरत है. इसके लिए विश्वविद्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा. छात्रा अंजलि कुमारी ने माइग्रेशन नहीं मिलने की शिकायत की. सही का निशान पर नहीं मिला अंक : केसीटीसी रक्सौल की छात्रा प्रज्ञा ने स्नातक सत्र-2020-23 की परीक्षा में मूल्यांकन में गड़बड़ी की शिकायत लेकर पहुंची. छात्रा ने कहा कि वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का उत्तर उसने सही लिखा है. आरटीआइ से कॉपी निकालने पर कॉपी में सही का निशान भी लगा है पर पूरे अंक नहीं दिए गए हैं. तीन पेपर में उसने गड़बड़ी की शिकायत पिछले सोमवार को की थी. इसके बाद एक पेपर का अंक सुधारा गया है. जबकि, दो पेपर में अंक नहीं सुधरा. छात्रा ने परीक्षा नियंत्रक से कहा कि सही उत्तर होने पर भी अंक नहीं मिला. परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि विषय के विशेषज्ञ शिक्षक से कॉपी की रिटोटलिंग करवायी जाएगी. यदि किसी प्रश्न का अंक छूट गया हो तो उसे जोड़ दिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन