Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े बंद घर को बनाया निशाना, लाखों के गहने उड़ाए
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 16 May 2026 8:20 PM
बंद घर को बनाया निशाना, लाखों के गहने उड़ाए
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया में दिनदहाड़े चोरों ने बंद घर की खिड़की की ग्रिल काटकर लाखों की चोरी की. महिला के मायके जाने के दौरान हुई इस वारदात की जांच में जुटी पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.पढ़ें पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिला के सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया स्थित आदर्श नगर में बेखौफ चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. घटना दोपहर करीब तीन से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
मायके गई थी महिला, पीछे से काट दी खिड़की की ग्रिल
पीड़ित महिला पिंकी कुमारी ने बताया कि वह दोपहर करीब दो बजे अपने घर में ताला बंद कर मायके गई थीं. शाम को करीब छह बजे जब वह वापस लौटीं, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला. शक होने पर उन्होंने दरवाजा खटखटाया और धक्का दिया, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई. इसके बाद जब वह घर के पीछे के हिस्से में गईं, तो नजारा देखकर दंग रह गईं. चोरों ने पीछे की खिड़की की लोहे की ग्रिल काट दी थी और उसी रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए थे.
सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर साफ किया हाथ
घर के अंदर दाखिल होने पर पिंकी कुमारी ने देखा कि कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ाथा.गोदरेज और अलमारी के ताले टूटे हुए थे. चोरों ने लॉकर में रखे सोने का कान का सेट, चांदी के पांच सिक्के और अन्य कीमती चांदी के आभूषण समेट लिए और फरार हो गए.पीड़िता ने तुरंत घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी.
सीसी कैमरे के फुटेज खंगाल रही पुलिस, स्थानीय शातिरों पर शक
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि इस वारदात में किसी स्थानीय गिरोह या आसपास के ही शातिरों का हाथ है, जिन्हें महिला के आने-जाने के समय की सटीक जानकारी थी. पुलिस आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










