Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में हाइटेक साइबर धोखाधड़ी: कॉल फॉरवर्डिंग से उड़ाये 3.89 लाख
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 18 May 2026 3:15 PM
कॉल फॉरवर्डिंग से उड़ाये 3.89 लाख
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में साइबर अपराधियों ने कॉल फॉरवर्डिंग तकनीक से युवक के खाते और क्रेडिट कार्ड से 3.89 लाख रुपये उड़ाए. बिना ओटीपी शेयर किए मात्र 35 मिनट में वारदात को अंजाम दिया गया. साइबर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू.पढे़ं पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिले में हाइटेक साइबर धोखाधड़ी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. शातिर जालसाजों ने बिना किसी ओटीपी और लिंक पर क्लिक कराए, सिर्फ ‘कॉलफॉरवर्डिंग’ तकनीक का इस्तेमाल कर एक युवक के बैंक खाते और क्रेडिट कार्डों से 3.89 लाख रुपये उड़ालिए.पीड़ित रोहित राही ने इस संबंध में मुजफ्फरपुर साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
400 से अधिक ओटीपी आए, फिर हुआ खेल
पीड़ित रोहित राही ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर अचानक 400 से अधिक ओटीपी(OTP) संदेश आने शुरू हो गए. किसी संदिग्ध गतिविधि की आशंका को भांपते हुए उन्होंने सूझबूझ दिखाई और सभी संदेशों को बिना पढ़े डिलीट कर दिया. उन्होंने किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं किया. इसके बावजूद, सुबह 11:10 से 11:45 बजे के बीच महज 35 मिनट के भीतर उनके खातों से अवैध निकासी होने लगी. बाद में हुई जांच में पता चला कि अपराधियों ने एक अज्ञात मोबाइल नंबर पर रोहित के नंबर की कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय कर दी थी. इसी तकनीक के जरिए जालसाजों ने उनके वित्तीय खातों तक अनाधिकृत पहुंच हासिल कर ली.
स्वीगी और जोमैटो के जरिए उड़ाए पैसे
साइबर अपराधियों ने पीड़ित के स्वीगीइंस्टामार्ट और जोमेटो खातों के जरिए तीन बैंकों और दो क्रेडिट कार्डों में सेंध लगाई. जालसाजों ने इंडियन ओवरसीज बैंक खाते से 1.70 लाख रुपये, यस बैंक क्रेडिट कार्ड से 1.31 लाख रुपये और एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड से 88 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली. हालांकि, सतर्कता बरतते हुए आईडीएफसी(IDFC) बैंक ने संदिग्ध ट्रांजैक्शन को तुरंत ब्लॉक कर दिया, जिससे पीड़ित के 60 हजार रुपये बच गए. पूरी घटना के दौरान रोहित के मोबाइल पर न तो कोई ओटीपी आया और न ही कोई वेरिफिकेशन कॉल आई. उन्हें सीधे पैसे कटने का डेबिट अलर्ट मैसेज मिला.
साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित के सभी बैंक खातों और क्रेडिट कार्डों को ब्लॉक करवा दिया है. साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है. साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार को इस हाइटेक धोखाधड़ी की जांच की जिम्मेदारी सौंपी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










