Muzaffarpur: बिना लाइसेंस दुकान चलाने वालों की खैर नहीं, नगर निगम का सख्त निर्देश

Published by :Aniket Kumar
Published at :29 Apr 2026 3:34 PM (IST)
विज्ञापन
Muzaffarpur News trade license check drive municipal corporation action shops

मुजफ्फरपुर नगर निगम (फाइल)

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम बिना ट्रेड लाइसेंस दुकानों पर सख्त हुआ है. शहरभर में विशेष अभियान चलाने की तैयारी है. इसके तहत दुकान-दुकान जांच होगी और मौके पर लाइसेंस रसीद कटेगी. पढे़ं पूरा अपडेट…

विज्ञापन

Muzaffarpur News: नगर निगम क्षेत्र में बिना ट्रेड लाइसेंस के दुकान, प्रतिष्ठान और व्यावसायिक संस्थान चलाने वालों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी है. नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह के निर्देश पर पूरे शहर में विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया जाएगा. निगम की टीम दुकानों पर पहुंचकर लाइसेंस की जांच करेगी और जिन व्यापारियों के पास लाइसेंस नहीं होगा, उनका आवेदन लेकर मौके पर ही प्रक्रिया शुरू कर रसीद काटी जाएगी.

20 से 25 हजार दुकानों की होगी जांच

नगर निगम क्षेत्र में करीब 20 से 25 हजार छोटे-बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं, जबकि वर्तमान में सिर्फ 4 से 5 हजार दुकानदारों ने ट्रेड लाइसेंस लिया है. ऐसे में बड़ी संख्या में कारोबार बिना लाइसेंस या नवीनीकरण के चल रहे हैं. निगम इसे बिहार नगरपालिका अधिनियम-2007 का उल्लंघन मानते हुए सख्त कदम उठा रहा है.

मौके पर होगी डिजिटल एंट्री

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए दो कंप्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती की गई है. टीम वार्ड 1 से 49 तक जाकर लाइसेंस सत्यापन करेगी. जिन दुकानदारों का लाइसेंस लंबित है या नहीं बना है, उनके दस्तावेज लेकर मौके पर डिजिटल एंट्री की जाएगी. इससे व्यापारियों को निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.

प्रचार के लिए डिजिटल बोर्ड और माइक का सहारा

नगर निगम शहरभर में जागरूकता अभियान भी चलाएगा. स्मार्ट सिटी के डिजिटल बोर्ड, चौक-चौराहों के लाउडस्पीकर और सफाई वाहनों पर लगे साउंड सिस्टम से घोषणा कराई जाएगी. साथ ही बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स भी लगाए जाएंगे.

अधिकारियों को सख्त निर्देश

नगर आयुक्त ने कर संग्रहकर्ताओं, टैक्स दरोगा, ट्रेड लाइसेंस शाखा और धावा दल को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है. प्रतिदिन अभियान की रिपोर्ट भी मांगी गई है. निगम का लक्ष्य राजस्व बढ़ाने के साथ शहर के व्यवसायों को नियमों के दायरे में लाना है.

मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन