मुजफ्फरपुर: आधी रात को प्रेमिका के घर पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ा, फिर सर्वसम्मति से रचाई शादी

प्रतीकात्मक तस्वीर
Muzaffarpur News: पारू में प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को परिजनों ने बंधक बना लिया. काफी हंगामे के बाद दोनों पक्षों और जनप्रतिनिधियों की सहमति से प्रेमी-युगल की शादी करा दी गई. दुल्हन अब स्वेच्छा से अपने ससुराल में रह रही है. पढ़ें पूरी खबर…
Muzaffarpur News: जिले के पारू थाना क्षेत्र के दियारा इलाके के एक गांव में शुक्रवार की शाम प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक को लड़की के परिजनों ने रंगे हाथों पकड़कर बंधक बना लिया. इस घटना के बाद दोनों गांवों और पक्षों के बीच काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. अंत में सामाजिक स्तर पर हुई पंचायती और सर्वसम्मति के बाद दोनों प्रेमी-युगल को विवाह के पवित्र बंधन में बांध दिया गया.
प्रेमिका से मिलने दियारा पहुंचा था प्रेमी, ग्रामीणों ने पकड़ा
जानकारी के मुताबिक, पारू थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 20 वर्षीय युवक का दियारा क्षेत्र की एक 19 वर्षीय युवती के साथ पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. प्यार का बुखार इस कदर परवान चढ़ा कि शुक्रवार की शाम युवक अपनी प्रेमिका से मिलने सीधे उसके घर पहुंच गया. दोनों को एक साथ देखकर ग्रामीणों ने लड़की के परिवार वालों को इसकी भनक दे दी. इसके बाद लड़की के परिजनों ने आनन-फानन में युवक को पकड़कर बंधक बना लिया और उसके घर वालों को इसकी सूचना दी.
जनप्रतिनिधियों की पहल पर बनी बात, पुलिस के सामने दुल्हन ने कही ये बात
युवक को बंधक बनाए जाने की खबर मिलते ही उसके परिजन एक पूर्व मुखिया और समाज के गणमान्य लोगों के साथ लड़की के गांव पहुंचे. शुरुआत में लड़की पक्ष के लोग कानूनी कार्रवाई की जिद पर अड़े थे, लेकिन दोनों पंचायतों के प्रतिनिधियों के समझाने के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए. स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई. मामले की भनक लगते ही जब पारू पुलिस युवक के घर पूछताछ करने पहुंची, तो नवविवाहिता ने स्पष्ट कह दिया कि वह अपने मायके वालों के डर से स्वेच्छा से ससुराल आई है और अब यहीं रहेगी.
मुजफ्फरपुर के पारु से मनीष कुमार तिवारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










