Muzaffarpur News: पानापुर गांव के पास दर्दनाक घटना, तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से युवक की गई जान

सांकेतिक तस्वीर
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के राजेपुर ओपी अंतर्गत फुलवरिया चौक के पास फैक्ट्री से लौट रहे मजदूर सुमित साह को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. जानिए खबर विस्तार से…
Muzaffarpur News: राजेपुर ओपी क्षेत्र के फुलवरिया चौक के समीप शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ फैक्ट्री से काम कर अपने किराए के मकान में लौट रहे एक मजदूर सुमित साह को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार ठोकर मार दी. इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में इलाज के लिए फुलवरिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पूर्वी चंपारण का रहने वाला था मृतक, पानापुर गांव के समीप हुआ हादसा
मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिला के संग्रामपुर थाना क्षेत्र निवासी सुमित साह के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि सुमित शनिवार की रात को फैक्ट्री में अपना काम खत्म करके घर लौट रहा था. इसी क्रम में जैसे ही वह पानापुर गाँव से थोड़ा आगे बढ़ा, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज गति बाइक ने उसे सीधे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुमित सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव, लिखित शिकायत का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. ओपी अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव को मृतक के परिजनों के हवाले कर दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
मुज़फ़्फ़रपुर के मोतीपुर से अशोक कुमार पांडेय की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










