मुजफ्फरपुर: ससुराल जा रहे युवक को तेज रफ्तार गाड़ी ने कुचला, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Updated:
विज्ञापन
Muzaffarpur News minapur-youth-killed-in-road-accident-while-going-to-in-laws-house

प्रतीकात्मक फोटो

Muzaffarpur News: मीनापुर में ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई. गिद्धा चौक के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया. मृतक की दो छोटी बेटियां हैं. घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मीनापुर इलाके में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं. ससुराल जा रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

गिद्धा चौक के पास हुआ दर्दनाक हादसा

मृतक की पहचान सिवाइपट्टी थाना क्षेत्र के करचौलिया गांव निवासी तुलसी शर्मा के 30 वर्षीय पुत्र मुकेश शर्मा के रूप में हुई है. बताया गया कि मुकेश गुरुवार देर शाम बाइक से अपनी ससुराल सीतामढ़ी जिले के महिंदवारा थाना क्षेत्र स्थित गिद्धा फुलवरिया जा रहा था. जैसे ही वह गिद्धा चौक के पास पहुंचा, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. युवक की पत्नी कंचन कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था. बताया गया कि मुकेश अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल जा रहा था. मृतक की दो बेटियां हैं, जिनमें एक तीन साल की पिहू है, जबकि दूसरी अभी गोद में है. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. ग्रामीण शंकर प्रसाद ने बताया कि जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में मातम छा गया. मुकेश की मां की मौत पहले ही हो चुकी है, ऐसे में पिता और बच्चों के सामने बड़ा सहारा छिन गया है.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन